पंचायत समिति सुहागपुरा की केसरपुरा ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने सोमवार को अपनी दो प्रमुख मांगों को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने ठिकरिया गांव को पुनः केसरपुरा पंचायत में जोड़ने और क्षेत्र में बिजली आपूर्ति में सुधार करने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि नवीन ग्राम पंचायत ठिकरिया के तहत आने वाले ठिकरिया गांव का नाम जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास और विशेष मूल निवास प्रमाण पत्र से संबंधित सरकारी वेबसाइट पर प्रदर्शित नहीं हो रहा है। इसके कारण स्थानीय लोगों को आवश्यक दस्तावेज बनवाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या के चलते छात्र-छात्राओं सहित अन्य नागरिकों के महत्वपूर्ण आवेदन समय पर जमा नहीं हो पा रहे हैं। इसलिए उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ठिकरिया गांव को दोबारा ग्राम पंचायत केसरपुरा में जोड़ा जाए और संबंधित वेबसाइट पर आवश्यक अपडेट जल्द किए जाएं। बिजली की अनियमित आपूर्ति से फसलें प्रभावित ज्ञापन में ग्रामीणों ने 5 एचपी बिजली आपूर्ति में हो रही अनियमितता को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि बिजली निर्धारित समय पर उपलब्ध नहीं हो रही है, जिससे किसानों को सिंचाई करने में दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण फसलें और सब्जियां प्रभावित हो रही हैं। इसके अलावा पशुओं के लिए पानी की समस्या भी गंभीर होती जा रही है, जिससे किसानों और ग्रामीणों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और अघोषित कटौती बंद करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।