सवाई माधोपुर के केशव नगर कॉलोनी में मंगलवर देर रात बिजली की सर्विस लाइन में अचानक स्पार्किंग होने से अफरा-तफरी मच गई। तारों से लगातार चिंगारियां निकलने के बाद सर्विस लाइन का तार टूटकर सड़क पर गिर गया। इससे पूरी कॉलोनी की बिजली सप्लाई बंद हो गई और इलाके में अंधेरा छा गया। सूचना मिलने पर बिजली निगम की टीम मौके पर पहुंची और करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद नया तार डालकर बिजली आपूर्ति बहाल की। तेज गर्मी में बढ़ा बिजली का लोड, रोजाना हो रही ट्रिपिंग कॉलोनी निवासी अजय कुमार ने बताया- इन दिनों तेज गर्मी के कारण लगभग हर घर में कूलर और एसी चल रहे हैं। इससे बिजली पर लोड काफी बढ़ गया है। बढ़ते लोड के चलते केशव नगर में अक्सर बिजली गुल होने की समस्या बनी रहती है। रात 10:30 बजे हुई स्पार्किंग, निकलने लगी तेज चिंगारियां अजय कुमार के अनुसार मंगलवार रात करीब 10:30 बजे अचानक सर्विस लाइन के तारों में तेज स्पार्किंग शुरू हो गई। तारों से लगातार जबरदस्त चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया। कुछ देर बाद तार टूटकर सड़क पर गिर गया। बिजली निगम ने काटी सप्लाई, 4 घंटे बाद बहाल हुई बिजली घटना की सूचना लोगों ने तुरंत बिजली निगम को दी। इसके बाद निगम की ओर से तत्काल बिजली सप्लाई बंद की गई और टीम को मौके पर भेजा गया। कर्मचारियों ने करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सर्विस लाइन का नया तार डालकर बिजली आपूर्ति सुचारू की। गनीमत रही कि घटना में किसी प्रकार का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।