भास्कर संवाददाता | भीलवाड़ा सेवा, संस्कार और सामाजिक समर्पण का उदाहरण बना श्री केशव स्मृति सेवा प्रन्यास पिछले 27 वर्षों से समाजसेवा के कार्यों से नई पहचान बना रहा है। पर्यावरण संरक्षण, योग प्रशिक्षण, संस्कार केंद्र, रक्तदान शिविर और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में सक्रिय यह प्रन्यास बीते चार वर्षों से घुमंतू समाज के बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रहा है। अंबेडकर नगर स्थित आदर्श विद्या मंदिर परिसर में संचालित श्री कानिफनाथ छात्रावास के माध्यम से गाड़िया लुहार, कंजर, सांसी और सपेरा समाज के 23 बच्चों को निशुल्क आवास, भोजन, शिक्षा और संस्कार उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनमें 12 बच्चे पहली से पांचवीं और 11 बच्चे छठी से आठवीं में पढ़ते हैं। छात्रावास की क्षमता 32 विद्यार्थियों की है। प्रत्येक छात्र पर प्रतिवर्ष 1.25 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं। नियमित पढ़ाई के साथ बच्चों के लिए योग, पुस्तक अध्ययन, संगीत, जिम्नास्टिक, खेलकूद और स्पोकन इंग्लिश की विशेष कक्षाएं भी संचालित होती हैं। स्कूल आने-जाने से लेकर भोजन और फीस तक की पूरी जिम्मेदारी छात्रावास में रहने वाले बच्चों के स्कूल आने-जाने के लिए टेंपो की व्यवस्था, स्कूल फीस, यूनिफॉर्म, पुस्तकें, भोजन और अन्य सभी आवश्यक खर्च प्रन्यास द्वारा ही वहन किए जाते हैं। कोषाध्यक्ष गोविंदप्रसाद सोडानी के अनुसार संस्था स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित कर मौसमी बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करती है।