लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को बूंदी के केशवरायपाटन में करीब 36 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा- भगवान केशवराय और बीजासन माता के आशीर्वाद से इस क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन और औद्योगिक विकास के एक बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। केशवरायपाटन स्थित केशवराय मंदिर का केंद्र सरकार की 'प्रसाद योजना' के तहत जीर्णोद्धार किया जाएगा। प्रथम चरण में 21 करोड़ और द्वितीय चरण में 23 करोड़ सहित कुल 45 करोड़ रुपए की लागत से मंदिर और चंबल के घाटों का विकास कार्य होगा। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि भविष्य में चंबल के एक तरफ रंगपुर का घाट होगा और दूसरी तरफ भगवान केशवराय का घाट, जहां से श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। इससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। बिरला ने कोटा और केशवरायपाटन के बीच सड़क संपर्क को मजबूत करने की बात कही, जिससे यात्रा का समय घटकर पांच से सात मिनट रह जाएगा। उन्होंने कोटा के मथुराधीश मंदिर, केशवरायपाटन, बीजासन माता मंदिर, कमलेश्वर महादेव और उज्जैन को जोड़कर एक बड़ा धार्मिक सर्किट बनाने की योजना पर भी प्रकाश डाला। इसके अतिरिक्त केशवरायपाटन चौराहे से लेकर लाबान तक सड़क को डबल लेन किया जाएगा, जिससे रणथंभौर (सवाई माधोपुर) जाने वाले पर्यटकों को भी लाभ मिलेगा। नहरों की होगी सफाई, टेल तक पहुंचेगा पानी किसानों की समस्याओं पर बिरला ने कहा कि क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। चंबल नहरों की सफाई एवं मरम्मत के लिए 25 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं, ताकि टेल तक के किसानों को समय पर पानी मिल सके। उन्होंने कहा कि अगले दो साल में किसी भी टेल क्षेत्र में पानी की समस्या नहीं रहेगी। साथ ही, खेतों में बारिश का पानी भरने की समस्या से निपटने के लिए 70 करोड़ की योजना स्वीकृत की गई है और 200 करोड़ की योजना पाइपलाइन में है। ओलावृष्टि से खराब हुए गेहूं की खरीद पर उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि 3-4 दिन में सरकार रियायत के आदेश जारी कर देगी और किसानों का अधिकतम गेहूं एमएसपी पर खरीदा जाएगा। मदर डेयरी लगाएगी प्लांट, किसानों को मिलेगा संबल कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए बिरला ने कहा कि दिल्ली-मुंबई कॉरिडोर का लाभ इस क्षेत्र के किसानों को मिलेगा। मदर डेयरी केशवरायपाटन और कोटा क्षेत्र में मटर, भिंडी जैसी सब्जियों और दूध के प्रोसेसिंग प्लांट लगाएगी। इससे किसानों को अपनी उपज का कई गुना अधिक दाम मिलेगा। उन्होंने कहा कि तालेड़ा में पहले से ही 25 इंडस्ट्रीज चल रहे हैं। जल्द ही केशवरायपाटन में भी बड़े उद्योग स्थापित होंगे, जिससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा। गांव-गांव में खेल मैदान लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि अगले दो साल में नौनेरा बांध का शुद्ध पानी हर घर तक पहुंचेगा। इसके अलावा केशवरायपाटन, कापरेन, लाखेरी और इंद्रगढ़ सहित हर 15-20 किलोमीटर पर खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। लाखेरी में 5 करोड़ की लागत से इंडोर स्टेडियम बनकर तैयार हो गया है। उन्होंने कहा कि मेडिकल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हर ग्राम पंचायत में उप-स्वास्थ्य केंद्र और सीएचसी-पीएचसी का नेटवर्क मजबूत किया जा रहा है। पूर्व मंत्री बाबूलाल वर्मा ने कहा कि सड़कों के निर्माण से क्षेत्र में विकास की राह मजबूत होगी साथ ही स्टेडियम से युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकेगी। पूर्व विधायक चंद्रकांता मेघवाल ने कहां की वर्तमान में केशोरायपाटन क्षेत्र में करवाए जा रहे हैं विकास कार्यों से आमजन को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। कार्यक्रम में पूर्व जिला प्रमुख राकेश बोयत, पूर्व प्रधान वीरेंद्र सिंह हाडा, पदम नागर सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।