खैरथल में रविवार को 170 श्रद्धालुओं का जत्था पवित्र बाबा अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ। यह यात्रा श्री अमरनाथ बर्फानी सेवा मंडल खैरथल के तत्वावधान में आयोजित की गई। पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री श्याम मंदिर के सामने एक कार्यक्रम में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को विदाई दी गई। हर-हर महादेव के गूजें जयकारे इस अवसर पर पूरा वातावरण 'बम-बम भोले' और 'हर-हर महादेव' के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं के परिजनों, नगरवासियों और सेवा मंडल के पदाधिकारियों ने यात्रियों का माल्यार्पण कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। बाबा बर्फानी के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। तीन बसों से हुए रवाना मुख्य सेवादारी मोहन खंडेलवाल ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी खैरथल से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा अमरनाथ यात्रा पर जा रहे हैं। इस वर्ष खैरथल से लगभग 500 श्रद्धालुओं के यात्रा में शामिल होने का अनुमान है। इनमें से 170 श्रद्धालु तीन बसों के माध्यम से रवाना हुए हैं, जबकि अन्य श्रद्धालु ट्रेन सहित विभिन्न साधनों से जम्मू-कश्मीर पहुंचकर पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन करेंगे। यात्रियों के लिए की व्यवस्था खंडेलवाल ने यह भी बताया कि सेवा मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा और सहयोग के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह था और सभी बाबा अमरनाथ के दर्शन कर सकुशल वापस लौटने की कामना के साथ रवाना हुए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता, सेवा मंडल के सदस्य और नगरवासी उपस्थित रहे।