खैरथल-तिजारा जिले की ग्राम पंचायत शाहबाद में रात्री चौपाल हुई। जिसमें जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने जनसमस्याओं के समाधान पर जोर दिया। इस दौरान कुल 53 परिवाद प्राप्त हुए, जिनमें से 12 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष परिवादों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलेक्टर अतुल प्रकाश ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, यह भी निर्देशित किया कि यदि कोई मामला उनके स्तर से ऊपर का हो, तो उच्चाधिकारियों से समन्वय कर तुरंत कार्रवाई की जाए। चौपाल के दौरान एक परिवार ने बिजली संबंधी समस्या बताई। इस पर कलेक्टर ने तुरंत बिजली विभाग की टीम को मौके पर भेजा। उसी रात मीटर बदलवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई गई, जिससे संबंधित परिवार को तत्काल राहत मिली। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इनमें वृद्धजन पेंशन, आपकी बेटी योजना, गार्गी योजना, अटल पेंशन योजना, जीवन ज्योति बीमा, पालनहार, कन्यादान, लाडो योजना, जल जीवन मिशन, पीएम सूर्यघर और पीएम विश्वकर्मा योजना शामिल थीं। कृषि विभाग ने तारबंदी, फार्म पॉन्ड और प्याज भंडारण जैसी योजनाओं पर भी ग्रामीणों को मार्गदर्शन दिया। कलेक्टर ने अतिक्रमण और भूमि विवादों के मामलों में आवश्यकतानुसार पुलिस सहयोग लेकर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने परिवादियों से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित कर समाधान प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, एसडीएम संजीव कुमार वर्मा, तिजारा प्रधान जेपी यादव, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामदयाल, तहसीलदार कृष्ण यादव सहित जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।