खैरथल नगर परिषद चुनाव के नतीजों के बाद स्थानीय राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। नगर परिषद के पूर्व नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे विक्रम चौधरी उर्फ विक्की चौधरी अब भाजपा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कांग्रेस छोड़कर मंगलवार को दिल्ली में केंद्रीय मंत्री और अलवर सांसद भूपेंद्र यादव के सामने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। विक्रम चौधरी ने निकाय चुनाव-2026 में वार्ड नंबर 31 से कांग्रेस के टिकट पर पार्षद का चुनाव जीता था। भाजपा में शामिल होने के अगले दिन बुधवार सुबह वह खैरथल नगर परिषद पहुंचे। उनके साथ भाजपा कार्यकर्ता और एडवोकेट भानु प्रकाश अग्रवाल भी मौजूद रहे। भाजपा में शामिल होने के बाद पार्षद पद की शपथ खैरथल नगर परिषद पहुंचने के बाद विक्रम चौधरी ने रिटर्निंग अधिकारी लालचंद के समक्ष पार्षद पद और गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्होंने सभापति पद के चुनाव को लेकर भी कदम आगे बढ़ाया। विक्रम चौधरी ने सभापति पद के नामांकन का फॉर्म लिया। उन्होंने बताया कि वह बुधवार को सुबह 11:15 बजे सभापति पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। सभापति पद के लिए पहले ही लिए जा चुके हैं तीन फॉर्म रिटर्निंग अधिकारी लालचंद के अनुसार, विक्रम चौधरी से पहले सभापति पद के लिए तीन नामांकन फॉर्म लिए जा चुके हैं। इनमें कर्ण चौधरी, ओमप्रकाश रोघा और सर्वेश गुप्ता के नाम से एक-एक फॉर्म लिया गया है। अब विक्रम चौधरी के नामांकन लेने के बाद सभापति पद के चुनाव को लेकर गतिविधियां और बढ़ गई हैं। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही मैदान में मौजूद प्रत्याशियों की तस्वीर स्पष्ट होगी। पहले भी बदल चुके हैं खैरथल नगर परिषद के राजनीतिक समीकरण खैरथल नगर परिषद में बोर्ड गठन के दौरान भी राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चा हुई थी। उस समय कांग्रेस के पास अधिक सीटें होने के बावजूद बाद में बने राजनीतिक समीकरणों के चलते भाजपा का बोर्ड बना था। अब निकाय चुनाव-2026 के बाद कांग्रेस से निर्वाचित पार्षद विक्रम चौधरी के भाजपा में शामिल होने और सभापति पद के लिए नामांकन की तैयारी से खैरथल नगर परिषद की राजनीति एक बार फिर चर्चा में है। अध्यक्ष पद के चुनाव में अब पार्षदों के रुख और नामांकन के बाद सामने आने वाले समीकरणों पर नजर रहेगी। ये खबर भी पढ़ें- बीजेपी में शामिल हुए कांग्रेस नेता,दावा-10 अन्य पार्षदों का समर्थन:केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने दिलाई सदस्यता, बोले-बीजेपी का बोर्ड बनेगा खैरथल-तिजारा जिले की खैरथल नगर परिषद में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विक्रम सिंह (विक्की चौधरी) बीजेपी में शामिल हो गए। दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के आवास पर विक्रम सिंह ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। (पूरी खबर पढ़ें)