देश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस जवानों की स्मृति में बुधवार को पुलिस लाइन खैरथल में पुलिस शहीद दिवस समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शहीद पुलिसकर्मियों को गार्ड ऑफ ऑनर देकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम में एएसपी किशोर कुमार बुटोलिया, किशनगढ़बास डीएसपी लालसिंह यादव, डीएसपी रामनिवास मीणा और डीएसपी इंद्रा मीणा सहित विभिन्न थानों के अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे। समारोह के दौरान ड्यूटी पर शहीद हुए पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन कर उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को याद किया गया। इसके बाद शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर शोक सलामी दी गई। पुलिस लाइन में किया पौधारोपण शहीद दिवस समारोह के बाद पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण किया गया। साथ ही पुलिस लाइन, थानों, चौकियों और कार्यालयों में स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से सफाई अभियान भी चलाया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिसकर्मियों ने शहीदों के प्रति सम्मान प्रकट करने के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश भी दिया। समारोह में किशनगढ़बास एसएचओ शेरसिंह चौधरी, खैरथल थाना प्रभारी रामकिशन यादव, मुंडावर थाना इंचार्ज मोहर सिंह मीणा, ततारपुर थाना प्रभारी महावीर सिंह और कोटकासिम थाना प्रभारी जसवंत यादव, खैरथल महिला थाना प्रभारी नन्दलाल जांगिड़, डीएसटी इंचार्ज गौरव कुमार सहित थानों के पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ खैरथल महिला थाना तथा जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) के थाना प्रभारी सहित अनेक पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।