प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित खैरथल रेलवे स्टेशन का वर्चुअल लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव ने कहा कि केंद्र सरकार खैरथल के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और क्षेत्र की सभी महत्वपूर्ण मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विकास कार्यों की पट्टिका का उद्घाटन किया लोकार्पण समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री एवं अन्य अतिथियों ने स्टेशन पर हुए विकास कार्यों की उद्घाटन पट्टिका का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि स्टेशन के आधुनिकीकरण से खैरथल, किशनगढ़बास, तिजारा तथा आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही क्षेत्र की प्रमुख अनाज एवं सब्जी मंडी से जुड़े किसानों और व्यापारियों के आवागमन को भी नई गति मिलेगी। दिल्ली-अहमदाबाद मेल का ठहराव होगा शुरू भूपेंद्र यादव ने कहा कि उनके राज्यसभा सांसद रहते हुए खैरथल स्टेशन पर दिल्ली-अहमदाबाद मेल का ठहराव शुरू हुआ था। पिछले दो वर्षों में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सहयोग से गरीब रथ एक्सप्रेस, मालानी एक्सप्रेस, मंडोर एक्सप्रेस और स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस सहित चार महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव भी सुनिश्चित कराया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में अन्य आवश्यक ट्रेनों के ठहराव के लिए भी प्रयास जारी रहेंगे। स्टेशन पर मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन पर आकर्षक पोर्च, दो नए प्रवेश द्वार, विस्तारित पार्किंग, नया फुटओवर ब्रिज, रैंप, आधुनिक प्रतीक्षालय, हेल्प डेस्क, वाटर बूथ, बेहतर टिकट विंडो तथा स्थानीय कला से सुसज्जित स्टेशन भवन विकसित किया गया है। स्टेशन परिसर का सर्कुलेटिंग एरिया 1200 वर्गमीटर से बढ़ाकर 3600 वर्गमीटर किया गया है। करीब 4.19 करोड़ रुपये की लागत से 12 मीटर चौड़ा फुटओवर ब्रिज भी बनाया गया है। इसके अलावा दिव्यांगजनों के लिए हेल्प बूथ, विशेष शौचालय, रैंप और सुलभ टिकट विंडो जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। जल योजनाओं, बाईपास और विकास प्राधिकरण पर जोर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में बेड़ा का बास, रैईयन और छीन-छीन सहित विभिन्न पेयजल एवं जल संरक्षण योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से बेहतर संपर्क, खैरथल बाईपास के शीघ्र निर्माण तथा भिवाड़ी विकास प्राधिकरण के माध्यम से क्षेत्र के सुनियोजित विकास को गति देने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज और स्टेडियम की भी उठी मांग पूर्व विधायक रामहेत यादव ने कहा कि खैरथल रेलवे स्टेशन क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। स्टेशन के पुनर्विकास से यात्रियों के साथ व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने भविष्य में खैरथल में मेडिकल कॉलेज और स्टेडियम जैसी बड़ी विकास परियोजनाएं शुरू करने की आवश्यकता भी जताई। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे मौजूद कार्यक्रम में पद्मश्री सूर्यदेव बारैठ एवं ऊषा चौमर, जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश, भाजपा जिलाध्यक्ष महासिंह चौधरी, पूर्व विधायक बनवारी लाल सिंघल, सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, पूर्व सभापति अशोक डाटा सहित रेलवे अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।