राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) खैरथल नगर द्वारा रविवार को उच्च माध्यमिक स्कूल में 'विशाल युवा खेल संगम' हुआ। इसमें 5 खेलों में 27 टीमों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में खैरथल और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला सह कार्यवाह यशवंत सिंह मांढैया ने खिलाड़ियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा- खेल न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाते हैं, बल्कि अनुशासन, सामाजिकता, आपसी समन्वय, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति जैसे मूल्यों को भी विकसित करते हैं। मांढैया ने युवाओं से 'राष्ट्र प्रथम' का भाव रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमें यह सोचना चाहिए कि हम देश के लिए क्या कर सकते हैं, न कि देश ने हमें क्या दिया। उन्होंने युवाओं को नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जुड़कर राष्ट्रभाव जागृत करने के लिए प्रेरित किया। 5 खेलों में 27 टीमों ने हिस्सा लिया इस खेल संगम में खैरथल और आसपास के क्षेत्रों से कुल 27 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में कबड्डी, रिंग गोल, पिट्ठू, खो-खो और गेंदमार सहित पाँच खेल शामिल थे। सभी प्रतियोगिताएं उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ संपन्न हुईं। समापन समारोह में प्रत्येक खेल की विजेता टीमों को पुरस्कार और सम्मान प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनकी खेल भावना को सराहा गया। कार्यक्रम का समापन 'आइए, खेलें – बढ़ें – राष्ट्र बनाएं' के संदेश के साथ हुआ। आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों, अतिथियों, सहयोगकर्ताओं और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों को जारी रखने का संकल्प लिया।