खैरथल-तिजारा जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में सोमवार को साप्ताहिक समीक्षा एवं जिला पर्यावरण समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर लंबित परिवादों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने पीएमओ एवं सीएमओ कार्यालय से प्राप्त शिकायतों को भी निपटाने के निर्देश दिए। संयुक्त निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने बताया कि जिले का संतुष्टि प्रतिशत पहले की अपेक्षा बढ़ा है। बैठक में ई-फाइल डिस्पोजल की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने प्रत्येक सप्ताह की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य जिले के प्रत्येक विभाग की प्रगति की समीक्षा करना है। इसके अलावा, जिला कलेक्टर ने जीएसएस की भूमि आवंटन, घुमंतू जनजाति के पट्टा वितरण और पीएम स्वनिधि सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। जिला पर्यावरण समिति की बैठक के दौरान, कलेक्टर ने 'हरियालो राजस्थान' अभियान के तहत इस वर्ष जिले के लिए निर्धारित 10.18 लाख पौधारोपण के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु अभी से ही व्यापक कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक विभाग के लक्ष्य बताते हुए उन्हें जगह चिन्हित कर मियावाकी पद्धति से पौधारोपण करने को कहा। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा, अधीक्षण अभियंता जेपी बैरवा, सहायक निदेशक वेद प्रकाश सैनी, एसीएफ वन विभाग संजय चौधरी, संयुक्त निदेशक सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग वीरेंद्र त्यागी, मंडी सेक्रेटरी राजेश कर्दम, उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पूरणमल मीणा, समाज कल्याण अधिकारी रमेश दहमीवाल, कोषाधिकारी सुरेश कुमार बंसल, जेएमओ मंडी प्रियंका प्रजापत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।