खैरथल-तिजारा में चेक बाउंस से संबंधित मामलों के लिए 18 जुलाई को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) खैरथल-तिजारा द्वारा आयोजित इस अदालत की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। डीएलएसए कार्यालय में न्यायिक अधिकारियों की एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (राल्सा) जयपुर और डीएलएसए खैरथल-तिजारा के अध्यक्ष (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) शैलेंद्र व्यास के निर्देश पर हुई इस बैठक की अध्यक्षता डीएलएसए सचिव अजीत कुड़ी ने की। इसमें मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सीमा कुमारी, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-1 किशनगढ़बास सुरभी सिंह और न्यायिक मजिस्ट्रेट खैरथल खुशबू कंवरिया भी उपस्थित रहीं। बैठक में पक्षकारों को नोटिस तामील कराने, बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों से समन्वय स्थापित करने और लंबित मामलों की समीक्षा पर चर्चा हुई। सचिव अजीत कुड़ी ने बताया - नालसा एवं राल्सा की मंशा के अनुसार न्यायालयों में लंबित चेक बाउंस मामलों का शीघ्र निस्तारण प्राथमिकता है। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से होगी यह विशेष लोक अदालत ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आयोजित की जाएगी, जिससे पक्षकारों को त्वरित, सरल और सुलभ न्याय मिल सके। इसमें यूनियन बैंक ऑफ इंडिया सहित अन्य वित्तीय संस्थानों के लंबित सिविल एवं आपराधिक मामलों को भी शामिल किया जाएगा।