खैरथल-तिजारा में परिवहन विभाग ने 6 स्कूलों का निरीक्षण किया। इन स्कूलों में अनियमितताएं पाए जाने पर 14 बाल वाहिनियो के चालान किए गए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों से एक लाख रुपए से ज्यादा का जुर्माना वसूला गया। ये कार्रवाई प्रादेशिक परिवहन अधिकारी एवं जिला परिवहन अधिकारी, अलवर के निर्देशानुसार की गई। परिवहन निरीक्षक अनिल कुमार मीणा ने अपनी उड़नदस्ता टीम के साथ क्षेत्र के छह स्कूलों का सघन निरीक्षण किया। परमिट, फिटनेस, पीयूसी चेक किए जांच के दौरान वाहनों के परमिट, फिटनेस, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) और बीमा सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की गई। जिन वाहनों में ये दस्तावेज अधूरे या अनुपलब्ध पाए गए, उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। परिवहन निरीक्षक अनिल कुमार मीणा ने बताय- छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैध दस्तावेजों या सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। परिवहन विभाग ने सभी स्कूल संचालकों और गाड़ी मालिकों से नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।