खैरथल के वार्ड-31 में कुत्तों के बढ़ते आतंक से परेशान निवासियों ने जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। निवासियों का आरोप है कि वार्ड में स्ट्रीट डाॅग्स के झुंड दिन-रात सड़कों और गलियों में घूमते रहते हैं। ये कुत्ते राहगीरों पर हमला करने के लिए दौड़ पड़ते हैं, जिससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि कई परिवारों ने अपने छोटे बच्चों को अकेले घर से बाहर भेजना बंद कर दिया है। नागरिकों ने आरोप लगाया कि सरकारी सेटेलाइट अस्पताल में प्रतिदिन कुत्तों के काटने के मामले पहुंच रहे हैं, लेकिन नगर परिषद प्रशासन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है। नगर परिषद पर लगाया आरोप ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि नगर परिषद में शिकायत लेकर पहुंचने वाले लोगों के साथ संतोषजनक व्यवहार नहीं किया जाता। इसके अतिरिक्त, आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए हर साल जारी होने वाले लाखों रुपए के ठेकों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की गई है। वार्डवासियों ने जिला कलेक्टर से शीघ्र हस्तक्षेप कर आवारा कुत्तों को पकड़ने की प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपते समय हिमांशु गुरनानी, हेमन दास, ज्योति, हरीश, कविता, सुमित, भगवानदास और जितेंद्र उर्फ जीतू सहित वार्ड-31 के कई लोग मौजूद थे।