एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के जनवरी से जून 2026 के कस्टमर सेटिस्फेक्शन सर्वे (सीएसएस) ने उदयपुर के महाराणा प्रताप एयरपोर्ट डबोक प्रबंधन के सामने अजीब स्थिति पैदा कर दी है। एक तरफ एयरपोर्ट प्रबंधन का दावा है कि वह एएआई के मुताबिक स्वच्छता, सुरक्षा, बैगेज डिलीवरी स्पीड और स्टाफ व्यवहार जैसे सभी 33 प्रमुख मापदंडों पर पूरी तरह खरा उतरा है, वहीं दूसरी तरफ देशव्यापी रैंकिंग में डबोक एयरपोर्ट कई सालों के अपने शानदार रिकॉर्ड (टॉप-3) को गंवाते हुए पहली बार टॉप-10 से बाहर हो गया है। अब 4.86 स्कोर के साथ 12वें स्थान पर खिसक गया है। हैरानी की बात यह है कि एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधाएं लगातार बढ़ी हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस गिरावट के पीछे कोई वास्तविक कमी नहीं, बल्कि डेटा रिपोर्टिंग की चूक हो सकती है। आशंका है कि एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा सर्वे से संबंधित फाइनल फीडबैक रिपोर्ट भेजने में तकनीकी या प्रशासनिक गलती हुई, जिससे कागजों पर स्कोर 4.86 रह गया। वर्तमान में चल रहे 887 करोड़ रुपए के नए इंटीग्रेटेड टर्मिनल विस्तार कार्य के बीच यह ताजा रैंकिंग प्रबंधन के लिए डेटा प्रबंधन और सर्विस डिलीवरी दोनों मोर्चों पर बड़ी चेतावनी है। ताजा सर्वे में मध्य प्रदेश के खजुराहो और महाराष्ट्र के औरंगाबाद एयरपोर्ट ने 4.98 स्कोर के साथ संयुक्त रूप से देश में पहला स्थान हासिल किया है। जोधपुर ने टॉप-10 में पहुंचकर चौंका दिया है। ग्राउंड रियलिटी... एयरपोर्ट पर तीन साल से सुविधाएं बढ़ती जा रहीं निदेशक सावरमल सिंगारिया के अनुसार एयरपोर्ट पर तीन वर्षों से बुनियादी ढांचे व कमर्शियल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। 4 नए वीआईपी लाउंज तैयार किए हैं और यात्रियों की थकान मिटाने के लिए इलेक्ट्रिक मसाज पार्लर की नई सुविधा शुरू हुई है। आधुनिक रेस्त्रां, ब्रांडेड कपड़े और मेवाड़ी हस्तशिल्प (हैंडीक्राफ्ट) की नई दुकानें खोली गई हैं। चेक-इन काउंटर्स की व्यवस्था में सुधार कर अब 600 से ज्यादा यात्रियों के बैठने के लिए कुर्सी-सोफों की व्यवस्था भी है। 3 साल तक के बच्चों के लिए परिसर में निशुल्क चिल्ड्रन पार्क भी खोला गया है। प्रदेश में जोधपुर ने पछाड़ा, किशनगढ़ भी नजदीक सर्वे में राजस्थान के हवाई अड्डों में प्रतिस्पर्धा रही। जोधपुर एयरपोर्ट 4.88 स्कोर के साथ देश में 10वें स्थान पर रहा। उसने पहली बार उदयपुर को पीछे छोड़ते हुए टॉप-10 में जगह बनाई है। उदयपुर के लिए चिंता यह भी है कि किशनगढ़ एयरपोर्ट भी 4.85 स्कोर के साथ 13वें स्थान पर आ गया है, जो उदयपुर से 0.01 अंक पीछे है।