बांसवाड़ा के उदाजी का गढ़ा मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग कर बाइक से घर लौट रहे एक युवक को तेज रफ्तार बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। भीषण टक्कर लगने से बाइक सवार युवक उछलकर दूर जा गिरा, लेकिन उसकी बाइक बोलेरो के बंपर के नीचे बुरी तरह फंस गई। इसके बाद भी ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी और खमेरा से घाटोल तक करीब 5 किलोमीटर की लंबी दूरी तक बाइक को सड़क पर घसीटते हुए ले गया। ​घायल युवक के चाचा पन्नाशंकर ने बताया कि बलोता का खेड़ा का निवासी उनका भतीजा गणेशलाल पुत्र प्रभुलाल, उदाजी का गढ़ा मतदान केंद्र पर वोट डालने गया था। मतदान के बाद जब वह शाम 6 बजे घर लौट रहा था, तब रास्ते में एटीएम के पास प्रतापगढ़ से बांसवाड़ा की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार बोलेरो ने पीछे से उसकी बाइक को टक्कर मार दी। ​इस टक्कर से गणेशलाल दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं उसकी बाइक बोलेरो के नीचे फंस गई। बोलेरो ड्राइवर बाइक को घसीटते हुए खमेरा से घाटोल तक ले गया। इस दौरान रास्ते में सड़क पर चिंगारियां निकलती रहीं। बाद में पीछा कर गाड़ी को रोका गया। ग्रामीणों ने बोलेरो को उठाकर एक तरफ पलटी किया, जिसके बाद उसके नीचे से बाइक को निकाला गया। हालांकि घटना स्थल पर मौजूद लोगों की मदद से घायल गणेशलाल को तुरंत महात्मा गांधी (एमजी) हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।