झालावाड़ के खानपुर इलाके में सांसद दुष्यंत सिंह ने जनसंवाद यात्रा के दौरान कहा कि सच्चा जन प्रतिनिधि वह है जो जनता से झूठ न बोले और गुमराह न करे। यह बात उन्होंने पांचवें चरण की यात्रा के तीसरे दिन सोजपुर में आयोजित जनसभा में कही। सांसद सिंह ने कहा कि जनता ने उन्हें लगातार पांचवीं बार संसद में पहुंचाया है, इसलिए उनका फर्ज है कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करें। उन्होंने झूठे वादे करने से इनकार करते हुए कहा कि वे वही बात कहेंगे जो संभव हो। ग्रामीणों ने उन्हें सीमलखेड़ी से परवन बांध तक की सड़क के जर्जर होने की जानकारी दी। इस पर सांसद ने पीडब्ल्यूडी और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को आपसी तालमेल से सड़क के पुनर्निर्माण की योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन में हुई गड़बड़ियों की जांच कर उनके समाधान के भी निर्देश दिए। सांसद सिंह ने सोजपुर में सामुदायिक भवन निर्माण और सहकारी भवन के विस्तार के लिए अपने कोष से राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने बोरखेड़ी और तारज की परवन बांध की डूब में गई भूमि का मुआवजा दिलाने के निर्देश भी दिए। सोजपुर से पदयात्रा जगदीशपुरा, मोहम्मदपुरा होते हुए पिपलाज पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं और ग्रामीण जनता ने सांसद का भव्य स्वागत किया। पदयात्रा में आरपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एवं यात्रा प्रभारी श्यामसुन्दर शर्मा, पूर्व विधायक नरेंद्र नागर, जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा, महामंत्री हेमंत सिंह सोजपुर, उपाध्यक्ष हरि पाटीदार, कोषाध्यक्ष विमल सुराणा, पूर्व प्रधान भावना झाला, लाली बाई, मीडिया संयोजक रंजीता पांडे, निर्मल शर्मा, संजय वर्मा, मुकेश चेलावत, दिनेश मंगल, विमल जैन आवर, ओम नागर, मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश सुमन, रविकांत मीणा, इंद्रसिंह गुर्जर, दीपक शर्मा, अरविंद भील, प्रदीप सिंह, संतोष नागर सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।