झालावाड़ जिले की खानपुर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर धारदार हथियार (तलवार) लहराते हुए रील बनाकर वायरल करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, युवक ने आमजन में भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से यह वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। यह कार्रवाई एसपी अमित कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे सोशल मीडिया मॉनिटरिंग अभियान के तहत की गई। खानपुर थाने के आरक्षी शुवेंद्र सिंह ने इंस्टाग्राम पर वायरल रील की पहचान की। जांच में सामने आया कि वीडियो में दिख रहा युवक युनुस मोहम्मद (46) पुत्र मजहर हुसैन, निवासी सारोला रोड, खानपुर है। थानाधिकारी रवीन्द्र सिंह और उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युनुस मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी धारदार हथियार के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर आमजन में भय और अपना प्रभाव जमाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।