टोंक| खटीक समाज की ओर से वैशाख पूर्णिमा (पीपलू पूर्णिमा) पर 1 मई को टोंक जिला मुख्यालय स्थित समाज मंदिर में निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सामाजिक कुरीतियों पर अंकुश लगाने और सरल विवाह को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित विवाह सम्मेलन में 51 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। सम्मेलन को लेकर आयोजित समाज के लोगो व आयोजन समिति की बैठक में विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देते हुए प्रधान कलश, रथ, हाथियों व घोड़ियों की बोलियां भी लगाई गईं। प्रधान कलश की बोली 41 हजार रुपए, हाथियों की 51 हजार रुपए और प्रत्येक घोड़ी की 6100 रुपए की बोली लगी। कार्यक्रम के तहत 1 मई को जुलूस निकाला जाएगा, इसमें समाज की महिलाओं की ओर से कलश यात्रा निकाली जाएगी। जुलूस में हाथी-घोड़ों पर बोलीदाता सवार रहेंगे और मुख्य बाजार मार्ग से होकर शोभायात्रा निकलेगी। वर-वधुओं की भी निकासी की जाएगी। जुलूस में विभिन्न बैंड व करतब दिखाने वाले कलाकार आकर्षण का केंद्र रहेंगे। कार्यक्रम में आचार्य पंडित राजकुमार शर्मा और पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता सहित समाज व संगठन से जुडे महत्वपूर्ण हस्तियां शामिल होंगी। इसके बाद विवाह स्थल पर वरमाला कार्यक्रम व अतिथियों का सम्मान किया जाएगा, जबकि दोपहर करीब 1 बजे पाणिग्रहण संस्कार संपन्न होगा। सम्मेलन में शामिल प्रत्येक जोड़े को खटीक समाज व आयोजन समिति की ओर से उपहार भी भेंट किए जाएंगे।