खेतड़ी के नजदीक मेहाड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस को पत्नी की हत्या की झूठी सूचना देकर गुमराह करने का मामला सामने आया है। कंट्रोल रूम में सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन जांच में मामला पूरी तरह झूठा निकला। इसके बाद पुलिस ने झूठी सूचना देने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। थानाधिकारी रामनारायण चोयल ने बताया कि गुरुवार शाम कंट्रोल रूम में एक व्यक्ति ने फोन कर कहा कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और वह शव के पास बैठा हुआ है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कंट्रोल रूम ने तत्काल मेहाड़ा थाना पुलिस को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। मौके पर पहुंची पुलिस तो घर में सुरक्षित मिली महिला सूचना के आधार पर पुलिस टीम नांगलिया दुधवा स्थित कृष्ण कुमार के घर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि जिस महिला की हत्या की बात कही गई थी, वह घर में सुरक्षित थी और आराम कर रही थी। मौके पर किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना के कोई साक्ष्य नहीं मिले। पुलिस गुमराह करने का केस दर्ज पुलिस ने कंट्रोल रूम में कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान नांगलिया दुधवा निवासी कृष्ण कुमार के रूप में की। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने उसे झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। थानाधिकारी रामनारायण चोयल ने कहा- पुलिस प्रत्येक सूचना को गंभीरता से लेकर तत्काल कार्रवाई करती है। ऐसे में झूठी सूचना देने से पुलिस का कीमती समय और सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग होता है, जिससे वास्तविक जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने में भी असर पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और लोगों से अपील की कि वे पुलिस को झूठी सूचना देकर गुमराह न करें, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।