हिमाचल प्रदेश के ट्राइबल जिला लाहौल-स्पीति में आज (शुक्रवार को) दोपहर के वक्त उदयपुर-किलाड़ सड़क पर कडू नाला के पास चलती गाड़ी पर चट्टानें गिर गई। इससे टाटा सूमो टैक्सी में सवार 13 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हैं। मरने वालों में 6 महीने की बच्ची भी शामिल है। भरमौर के विधायक डॉ. जनकराज ने बताया कि टाटा सूमो में कुल 15 लोग सवार थे। सभी पांगी क्षेत्र के रहने वाले हैं और कुल्लू से पांगी लौट रहे थे। इस दौरान कडू नाला के पास पहाड़ी से बड़ी बड़ी चट्टानें गाड़ी पर गिर गईं। इससे HP-01M-2210 नंबर टाटा सूमो गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई । उन्होंने बताया कि पहाड़ी से चट्टानें गिरने के बाद गाड़ी के पिछले हिस्से में आग लग गई, जिसे मौके पर मौजूद लोगों और जवानों ने बुझाने का प्रयास किया। हादसा इतना खतरनाक था कि मृतकों के शवों की पहचान कर पाना भी मुश्किल हो रही है। कडू नाला में बड़ी-बड़ी चट्टानें गाड़ी पर गिरी जानकारी के अनुसार, उदयपुर-किलाड़ सड़क पिछले दिन बारिश के बाद लैंडस्लाइड की वजह से बंद था। इससे सभी लोग अपनी गाड़ी समेत तिंदी में रुके हुए थे। 24 जुलाई को सड़क बहाल होने के बाद वे पांगी की ओर रवाना हुए थे, तभी कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी से बड़ी बड़ी चट्टानें गाड़ी पर गिरी। भरमौर के विधायक जनक राज ने चंबा और लाहौल-स्पीति के डीसी से राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया है। पुलिस, प्रशासन और बचाव दल घटनास्थल पर अभियान में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि मृतकों में एक छह महीने का बच्चा भी शामिल है। मृतकों की अभी पहचान नहीं हुई फिलहाल मृतकों की आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी मृतक पांगी घाटी के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है। लाहौल-स्पीति की डीएसपी रश्मि शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो चुकी है। विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। SP लाहौल स्पीति शिवानी मेहला ने बताया कि गाड़ी में सवार 15 लोगों में से 13 की मौत हो गई है। सीएम ने शोक व्यक्त किया सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। सीएम ने डीसी लाहौल-स्पीति को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता और घायलों को बेहतरीन इलाज की सुविधा उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए। सीएम ने ईश्वर से दिवंगत की आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवारों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है। हादसे के PHOTOS देखें… ************ ये खबर भी पढ़ें: शिमला में लैंडस्लाइड से 10 मकानों को खतरा: अगले 72 घंटे में कमजोर पड़ेगा मानसून; 27 से 29 जुलाई तक फिर बारिश का अलर्ट हिमाचल की राजधानी शिमला के मैहली-जुन्गा रोड़ पर बीती रात में भारी लैंडस्लाइड हो गया। इससे 10 से ज्यादा मकानों को खतरा पैदा हो गया है। एक मकान को प्रशासन ने एहतियातन खाली करवा दिया है। अन्य घरों पर भी खतरा मंडरा रहा है। (पढ़ें पूरी खबर)