किशनगढ़ एयरपोर्ट से सोमवार को स्टार एयरलाइंस की अहमदाबाद के लिए नई उड़ान शुरू हो गई। हालांकि, पहले दिन यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, इसकी मुख्य वजह उड़ान की अनियमित शुरुआत और तकनीकी समस्याएं रही हैं। एयरपोर्ट निदेशक बीएस मीणा ने बताया कि अहमदाबाद से किशनगढ़ पहली फ्लाइट में केवल 23 यात्री पहुंचे, जबकि किशनगढ़ से अहमदाबाद के लिए उड़ान में 20 यात्री ही मौजूद थे। शुरुआती तकनीकी परेशानियों और उड़ान रद्द होने के कारण यात्रियों का भरोसा पूरी तरह नहीं बन पाया। शनिवार को रद्द हो गई थी फ्लाइट स्टार एयरलाइंस की यह उड़ान मूल रूप से शनिवार को शुरू होनी थी, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण रद्द कर दी गई। इस कारण लगभग 40 यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा, जिससे सोमवार को शुरुआती यात्री संख्या प्रभावित हुई। ये रहेगा शेड्यूल निर्धारित शेड्यूल के अनुसार, स्टार एयरलाइंस की उड़ान अहमदाबाद से सुबह 11:50 बजे रवाना होकर दोपहर 12:55 बजे किशनगढ़ पहुंची। वापस उड़ान दोपहर 1:25 बजे अहमदाबाद के लिए भरी। वहीं, इंडिगो की उड़ान अहमदाबाद से दोपहर 2:05 बजे रवाना होकर 3:35 बजे किशनगढ़ पहुंची और शाम 4:05 बजे वापस अहमदाबाद के लिए उड़ान भरी। यात्रियों को बेहतर विकल्प उपलब्ध अब किशनगढ़ से अहमदाबाद के लिए दो एयरलाइंस की सुविधा उपलब्ध होने से यात्रियों को बेहतर विकल्प मिलेंगे। बीएस मीणा ने बताया कि स्टार एयरलाइंस की यह उड़ान वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) योजना के तहत नहीं है। एयरलाइंस ने यात्रीभार की संभावनाओं को देखते हुए यह सेवा शुरू की है। मीणा ने कहा कि केंद्र सरकार की संशोधित उड़ान योजना के तहत देशभर में क्षेत्रीय हवाई संपर्क मजबूत किया जा रहा है। इस योजना के तहत 100 नए हवाई अड्डों का विकास और 200 हेलीपोर्ट का निर्माण किया जाएगा, जिससे छोटे शहरों को किफायती हवाई सेवाओं से जोड़ा जा सकेगा।