किशनगढ़बास क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर एसडीएम सत्यवीर सिंह यादव को मुख्यमंत्री के नाम 8 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। ज्ञापन में सरकार से वर्षों से जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सम्मानजनक मानदेय और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं लंबे समय से महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं का सफलतापूर्वक संचालन कर रही हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें न तो उचित मानदेय मिल रहा है और न ही नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधाएं प्राप्त हैं। उन्होंने सरकार से मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि, नियमित कर्मचारी का दर्जा, सेवानिवृत्ति पर पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा, ईसीसीई (ECCE) व एनटीटी (NTT) प्रशिक्षण को मान्यता, रिक्त पदों पर पदोन्नति, कार्य के अनुरूप संसाधन, सेवा के दौरान मृत्यु या दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक सहायता एवं बीमा तथा सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने एसडीएम से आग्रह किया कि उनकी मांगों को राज्य सरकार तक शीघ्र पहुंचाकर सकारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके। इस दौरान सुषमा देवी, राखी, गीता, गायत्री, सविता, ललिता, रीना देवी, शीला, मनीषा, यशोदा, लखपति, नीतू सैन, इंद्रा देवी, कविता, कोयल देवी, अमृता, नसीमा बानो, पर्वत कौर, केला देवी, रेखा, जरीना, साहिबा, बिमला, अनीशा, अनिता सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।