खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़बास थाना क्षेत्र के पापड़ी टोल टैक्स के पास स्थित एक होटल के पीछे बनी झोपड़ी से डीप फ्रीजर से पुलिस ने भारी मात्रा में मांस बरामद किया है। गौ रक्षकों की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच के लिए सैंपल भेज दिए हैं। किशनगढ़बास डीएसपी लाल सिंह यादव ने बताया- मंगलवार रात सूचना मिली कि पापड़ी टोल टैक्स के पास स्थित होटल के पीछे भारी मात्रा मांस रखा हुआ है। इस पर थाना अधिकारी बनवारी लाल मीणा, एएसआई विजयपाल यादव मौके पर पहुंचे। ढाबे की तलाशी लेने पर पीछे डीप फ्रीज में रखा हुआ मांस जब्त किया। मांस को टीम ने कब्जे में लेकर किशनगढ़बास पशु अस्पताल पहुंचाया। पशु अस्पताल की टीम ने मांस का सैंपल लिया और जांच के लिए आगे भेज दिया। मांस दफनाने के बाद जुटी भीड़ बचे हुए मांस को टीम बासड़ा गांव की पहाड़ की तलहटी में दबाने लेकर गई। इस दौरान गांव वालों में भ्रम की स्थिति बन गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। भूरी देवी ने बताया- पुलिस की कार्रवाई के बारे में किसी को पता नहीं लगा था। ग्रामीणों को लगा कि जमीन में कुछ गाड़ा गया है। पुलिस की कार्रवाई का जानकारी मिलने के बाद स्थिति स्पष्ट हुई।