किशनगढ़बास क्षेत्र के बंबोरा गांव की निवासी नेहा चौधरी को हरियाणा कृषि विभाग में उप निदेशक (प्रशासनिक कैडर) के पद पर नियुक्त किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। नेहा ने अपनी मेहनत, धैर्य और लंबे अनुभव के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। नेहा चौधरी ने पिछले 13 वर्षों तक हरसौली क्षेत्र में कृषि पर्यवेक्षक के रूप में सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने किसानों के साथ जमीनी स्तर पर काम करते हुए कृषि योजनाओं, तकनीकी मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाई। जमीनी अनुभव बना सफलता की ताकत खेत-खलिहानों में किसानों के बीच रहकर काम करने का अनुभव ही उनकी सबसे बड़ी ताकत बना। कृषि क्षेत्र की समस्याओं, जरूरतों और योजनाओं की गहरी समझ ने उन्हें अब प्रशासनिक जिम्मेदारी तक पहुंचाया है। 'परिवार का मिला पूरा सहयोग' नेहा चौधरी ने कहा कि इस उपलब्धि में उनके परिवार का भी अहम योगदान रहा है। उनके पिता वेदपाल तक्षक शिक्षा और कृषि क्षेत्र से जुड़े रहे हैं। उन्होंने बास कृपाल नगर में कृषि व्याख्याता के रूप में कई वर्षों तक सेवाएं दी हैं। परिवार के इसी माहौल का सकारात्मक असर नेहा के करियर पर भी दिखाई दिया। युवाओं के लिए बनी प्रेरणा नेहा चौधरी की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है। सीमित संसाधनों के बीच लगातार मेहनत और समर्पण से बड़े पद तक पहुंचने की उनकी कहानी कई युवाओं को आगे बढ़ने का संदेश देती है। गांव में खुशी और गर्व का माहौल नेहा चौधरी की नियुक्ति की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव बंबोरा में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने इसे गांव की बेटी की बड़ी उपलब्धि बताते हुए गर्व जताया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।