डीडवाना-कुचामन जिले में भाजपा कोलिया मंडल की मासिक बैठक सोमवार को बालाजी मंदिर परिसर में हुई। बैठक की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। मंडल अध्यक्ष डालूराम मेघवाल ने बैठक की अध्यक्षता की, जबकि मंडल प्रभारी भगवान सिंह सांखला ने इसका संचालन किया। बैठक में भाजपा नेता पवन टाक ने मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण में योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके सिद्धांतों पर चलने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, डिजिटल बूथ और शक्ति केंद्रों का विस्तार करना पार्टी की प्राथमिकता है। भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सुखाराम डोडवाडिया ने डॉ. मुखर्जी को महान राष्ट्रभक्त बताया और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। मंडल अध्यक्ष डालूराम मेघवाल ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने "एक देश, एक विधान" की भावना के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसे देश हमेशा याद रखेगा। तीन युवाओं ने ली भाजपा की सदस्यता इस बैठक के दौरान ग्राम कोलिया निवासी नायक समाज के सेवाराम, सुगनाराम और जगदीश ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मंडल अध्यक्ष डालूराम मेघवाल ने सभी नवसदस्यों को पार्टी का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया और उन्हें संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य कैलाश मेघवाल, कैलाश आचार्य, बजरंग सिंह, किशन जांगिड़, बाबूलाल राखेचा, विजय सिंह राखेचा, जगदीश सिंह सिंघाना, गोपीराम मेघवाल, नाथू सिंह, रघुनाथ भार्गव, हरिहर पंडित, सुरेन्द्र प्रताप सिंह (चांद बासनी) सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।