कोटा शहर के किशोर सागर तालाब के नाग-नागिन मंदिर के सामने सड़क किनारे एक 10 से 12 फीट लंबा विशाल मगरमच्छ निकलकर आ बैठा। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने जैसे ही मगरमच्छ को देखा, तुरंत वन विभाग को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को पकड़ने के लिए ऑपरेशन शुरू किया। करीब एक से डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने सुरक्षित तरीके से मगरमच्छ को काबू में लिया। इसके बाद उसे वाहन में डालकर चंबल नदी में छोड़ दिया गया। स्थानीय निवासी संजय मेहरा ने बताया कि वे सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी उन्होंने सड़क किनारे मगरमच्छ को बैठे देखा। उन्होंने बताया कि मगरमच्छ ने एक डॉग का शिकार भी किया हुआ था। वहीं, एक अन्य स्थानीय रहीम ने बताया कि इलाके में चार डॉग रहते थे, लेकिन घटना के समय तीन ही नजर आए। मगरमच्छ के आने से बाकी डॉग भी डरकर भाग गए, जबकि एक डॉग इसका शिकार बन गया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में राहगीर मौके पर जमा हो गए थे। वन विभाग की टीम ने सफल रेस्क्यू ऑपरेशन किया जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।