कोटा में तेज गर्मी के कारण लगातार आग की घटनाएं बढ़ रही हैं। हर दिन तीन से पांच घटनाएं आग लगने की हो रही हैं। कोटा एयरपोर्ट परिसर में सोमवार को आग लगने से अचानक हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट के अंदर झाड़ियों में भड़की आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। करीब आधा किलोमीटर के क्षेत्र में फैल गई। संवेदनशील इलाके में आग लगने की घटना की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। एक के बाद एक 6 फायर ब्रिगेड मौके पर भेजी गई। पहले देखें PHOTOS सूखी झाड़ियों के कारण बढ़ गई आग मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया- एयरपोर्ट परिसर के अंदर झाड़ियों से कर्मचारियों ने धुआं उठता देखा। देखते ही देखते आग तेज लपटों में बदल गई। गर्मी और सूखी झाड़ियों के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही कर्मचारियों को अलर्ट कर मौके के लिए रवाना किया गया। 6 दमकलों को मौके पर भेजा गया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। लंबे प्रयास के बाद आखिरकार आग पर नियंत्रण पाया जा सका। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि सूखी झाड़ियों और तेज गर्मी ने आग को फैलने में मदद की। कोलाना में 500 साल पुराना पेड़ जला इसी बीच, कोलाना क्षेत्र में भी करीब 500 साल पुराने एक पेड़ के तने में आग लग गई। पेड़ के तने से उठती लपटों ने लोगों को चौंका दिया। सूचना पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग को काबू में किया। पेड़ के आस-पास भी सूखी झाड़ियां थी। ऐसे में माना जा रहा है कि झाड़ी में आग के बाद तने में आग लगी हो।