कोटा के नयागांव स्थित रावतभाटा रोड पर बने बाल संप्रेषण गृह में रात एक बजे करीब 5 फीट लंबा ब्लैक कोबरा किचन में घुस गया। सांप को देखते ही वहां मौजूद बाल अपचारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तुरंत केयरटेकर और सुरक्षा गार्ड को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर स्नेक कैचर गोविंद शर्मा को मौके पर बुलाया गया। गोविंद शर्मा ने बताया कि जब वे बाल संप्रेषण गृह पहुंचे तो ब्लैक कोबरा किचन के पास एक दीवार के किनारे छिपकर बैठा हुआ था। काफी सावधानी और सतर्कता के साथ उसका रेस्क्यू किया गया। इसके बाद वन विभाग को मामले की जानकारी दी गई और सांप को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया। बाल संप्रेषण गृह में कई नाबालिग बाल अपचारी रह रहे हैं। ऐसे में यदि यह जहरीला सांप किसी बच्चे के कमरे तक पहुंच जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। समय रहते कर्मचारियों की सतर्कता और स्नेक कैचर की तत्परता से संभावित खतरा टल गया। स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि घर या आसपास कहीं भी सांप अथवा अन्य जंगली जीव दिखाई दें तो उन्हें नुकसान न पहुंचाएं। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित वन्यजीव रेस्क्यू टीम को दें, ताकि वन्यजीवों और लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।