कोटा में ‘भास्कर समाधान’ पर आई शिकायतों के बाद एक ही दिन में बिजली, पार्क, नाली और रास्ते के कचरे से जुड़ी चार प्रमुख समस्याओं का समाधान हुआ। आज पार्क की लंबित सफाई की समस्या का समाधान कर के वार्ड नंबर 54 के जमादार सुमित कुमार 'पब्लिक के स्टार' बने। पहले एक नजर डालते हैं उन समाधानों पर जिससे लोगों की समस्याएं हल हुईं… सुमित कुमार बने 'पब्लिक के स्टार' कोटा के महावीर नगर III, सेक्टर 4 के झूलेलाल मंदिर के पास बने हनुमान मंदिर पार्क की समस्या अनिका गौतम ने पोस्ट की थी। उन्होंने पार्क में नियमित रूप से साफ–सफाई न होने, कचरा समय पर न उठाने और पार्क की दीवारों की दुर्दशा की शिकायत करते हुए समाधान की अपील की थी। इस समस्या के पोस्ट होने के बाद वार्ड के हैल्थ इंस्पेक्टर सुरेंद्र पंवार के निर्देश पर वार्ड नंबर 54 के जमादार सुमित कुमार ने मौके पर जाकर समस्या का समाधान करवाकर स्थानीय लोगों को राहत दिलाई है। 9 दिन बाद बिजली का पोल किया दुरुस्त शहर के नान्ता रोड, गणेश विहार, मालियों की ढाणी से हेमराज वर्मा ने हिलते बिजली के पोल की समस्या पोस्ट की थी। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि तेज हवा चलने, बंदरों के तारों पर झूलने और बारिश में मिट्‌टी कटाव होने पर यह बिजली का पोल हिलता है। जिससे इसके कभी भी गिर जाने का खतरा बना हुआ है। इसके बाद संबंधित विभाग ने बिजली के पोल की मरम्मत करवा सीमेंटेड ब्लॉक बनाकर इसे अपनी जगह पर फिक्स करवा दिया है। अब पोल के गिरने का खतरा नहीं है जिससे स्थानीय लोग बहुत खुश हैं। जाम नालियाें की समस्या का हुआ समाधान कोटा के गुमानपुरा रोड से योगिता पीयूष सिंह ने जाम नालियों और निकासी की समस्या पोस्ट की थी। उन्होंने लिखा कि बड़े फैरो कवर से ढके होने के कारण इन्हें अक्सर हटाकर सफाई नहीं की जाती जिससे नालियां कचरे से जाम हो गई हैं। निकासी न होने से पानी आगे नहीं जा रहा है। इस समस्या के ‘भास्कर समाधान’ पर पोस्ट होने के बाद निगम कर्मचारियों ने नालियों की सफाई कर निकासी दुरुस्त कर दी है। नदी तक जाने वाली प्राचीन सीढ़ियां आईं नजर कोटा के सकतपुरा से डॉ. मनमोहन शर्मा ने कचरे और उससे हुए अतिक्रमण की समस्या ‘भास्कर समाधान’ पर पोस्ट की थी। उन्होंने लिखा था कि नदी तक जाने वाले पुराने रास्ते पर लोगों ने इतना कचरा डाला कि सीढ़ियां दिखाई देना ही बंद हो गईं। कभी यह सीढ़ियां नदी तक जाने का मुख्य रास्ता हुआ करती थीं। इस समस्या के पोस्ट होने के बाद हैल्थ इंस्पेक्टर संदीप पटोना ने टीम और स्थानीय लोगों की मदद से इस कचरे की सफाई करवाई। सफाई के बाद सीढ़ी का रास्ता फिर से अपने मूल स्परूप में नजर आने लगा है। एप से लोगों को मिल रहा समाधान अपने क्षेत्र की समस्याएं पोस्ट कर यूजर विभागों और जिम्मेदारों को जमीनी हकीकत बता रहे हैं और अधिकारी अपनी टीम से उसका समाधान भी करवा रहे हैं। आप भी अपने क्षेत्र, वार्ड, सेक्टर, गांव या गली की समस्या हमें पोस्ट कर सकते हैं। भास्कर एप पर अपनी समस्या पोस्ट करने लिए यहां क्लिक कीजिए… अब उन समस्याओं पर एक नजर जिनके समाधान होना अभी बाकी हैं… 46 साल से खाली प्लॉट में डाल रहे कचरा कोटा के तीन बत्ती सर्किल रोड, महावीर चौक, दादाबाड़ी से गुप्त ने खाली प्लॉट में कचरा डालने की समस्या पोस्ट की है। उन्होंने पोस्ट में बताया कि महावीर नगर विस्तार योजना हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर 5 में मेरे मकान संख्या 5–एच–1 के सामने एक खाली प्लॉट है। 1980 से यह प्लॉट खाली पड़ा है और लोगों ने धीरे–धीरे कचरा डालकर इसे पूरा भर दिया है। इस प्लॉट के मालिक का भी कोई अता–पता नहीं है। कचरा बारिश में सड़ रहा है। हमेशा संक्रमण का डर बना रहता है। एक साल से नहीं हुई नालियों की सफाई शहर के शास्त्री मार्केट की ठठेरा गली से धीरज मंगरानी ने अपनी समस्या पोस्ट की है। उन्होंने ‘भास्कर समाधान’ को भेजी अपनी पोस्ट में लिखा कि रामपुरा बाजार की इन गलियों में बीते एक साल से न तो नालियों की मरम्मत हुई है न ही इन नालियों का कचरा निकाला गया है। बारिश के मौसम में नालियां ओवरफ्लो होने पर गंदा पानी रास्ते पर बहने लगता है। मार्केट के व्यापारी इससे बहुत परेशान है। समस्या का समाधान करवाएं। सड़क पर बना गड्‌ढा, हादसे का डर आरकेपुरम से चंद्र प्रकाश गर्ग ने सड़क से जुड़ी समस्या ‘भास्कर समाधान’ पर पोस्ट की है। उन्होंने लिखा कि रामलीला मैदान और डीडीपीएस के ठीक सामने सड़क पर गहरे कट और गड्‌ढे के कारण वाहन चालकों को काफी असुविधा हो रही है। बारिश में इन गड्‌ढों में पानी भरने या रात के अंधेरे में दृश्यता कम होने पर इनसे हादसा होने की आशंका है। चंद्र प्रकाश ने इन गड्‌ढों और कट की मरम्मत करवाने की संबंधित विभाग से अपील की है। घर के आगे जलभराव से परेशान सागर कुमार दास ने आदर्श विहार कॉलोनी, बोरखेड़ा से जलभराव और निकासी से जुड़ी समस्या हमें पोस्ट की है। उन्होंने लिखा कि होली फैमिली हॉस्पिटल के आगे, आदर्श विहार कॉलोनी में अपेक्स अकादमी स्कूल के पास निकासी और जलभराव की बड़ी समस्या है। इस कॉलोनी में दोनों तरफ नालियां बनी हुई नहीं हैं। इससे मानसून की हल्की बारिश में ही घर के आगे पानी भरने से मच्छरों का पनपना शुरू हो गया है। इस कॉलोनी की समस्या का समाधन करवा लोगों को राहत दें। पब्लिक की आवाज बना ‘भास्कर समाधान’ ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट देशभर में इकलौता ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी सीधे अपने इलाके से जुड़े सिविक इश्यू खुद पोस्ट कर सकते हैं। ये सेगमेंट जनता को अपने गली-मोहल्ले की परेशानियां सीधे विभाग के उच्चाधिकारियों के सामने रखने की सुविधा देता है। लोगों से मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद अब इसे और अधिक प्रभावी, सरल और यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है। अब सीधे अधिकारियों तक पहुंच रहीं समस्याएं दैनिक भास्कर के इस सेगमेंट में अधिकारी भी अपने एक्शन के बारे में बता सकेंगे। शिकायत जिस विभाग से संबंधित है, वह अब सीधे उन्हीं अधिकारियों तक पहुंचेगी। इसके बाद अधिकारी उस लोकेशन को मैप पर देख सकेंगे। यदि उन्होंने समाधान कर दिया है तो शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी एप के जरिए ही दे सकेंगे या बता सकेंगे कि अभी काम जारी है। अधिकारी चाहें तो जिस यूजर ने शिकायत की है, उसे कॉल भी कर सकते हैं। कोटा ‘भास्कर समाधान’ की ये खबरें भी पढ़िए… 1.*'भास्कर समाधान' में सुरेन्द्र बने 'पब्लिक के स्टार':* निगम को मृत गाय उठाने की फुर्सत नहीं, जाम ड्रेनेज सिस्टम से कॉलोनी परेशान 2.*'भास्कर समाधान': आपकी समस्या एक पोस्ट में हल:* कोटा में टूटी सड़क, बिजली और गड्‌ढे बड़ी समस्या, 15 दिन पुराना गड्‌ढा भरा, प्लॉट का कचरा उठा 3.*'भास्कर समाधान' पर प्रेमचंद बने 'पब्लिक के स्टार':* जिस नाले में गिरा बछड़ा, उसे अब तक नहीं ढका, पार्किंग में स्टॉल लगाई, गाड़ी भी नहीं खड़ी करने देते 4.*पार्षद तबस्सुम बनीं 'पब्लिक की स्टार':* पार्क में टूटे झूले, ग्राउंड पर कचरा, कहां खेलें नौनिहाल, 15 दिन से नहीं हटाया रास्ते पर गिरा पेड़ 5. *कोटा में रोड लाइट और नाली की समस्या का समाधान:* जर्जर मकान, कचरा और अधूरी नाली से बढ़ी परेशानी, अरुण झावा बने आज के 'स्टार ऑफिसर' 6. *भास्कर समाधान: बंद स्ट्रीट लाइट का हुआ समाधान:* झूलते बिजली के तार, अधूरी सड़क-नाली जैसी समस्याओं से परेशान लोग, धर्मेंद्र कुमार बने आज के 'स्टार ऑफिसर' 7. *हैल्थ इंस्पेक्टर मनोज बने 'स्टार ऑफिसर':* नयागांव में लगी रोड लाइट, बोरखेड़ा में साफ हुई नालियां; मगरमच्छ और बंद वॉटर कूलर जैसी समस्या अब भी लंबित