कोटा में दो बाइकों की टक्कर में एक बाइक सवार की मौत हो गई। घटना शुक्रवार रात 8 बजे के आसपास दादाबाड़ी थाना इलाके की है। बाइक सवार युवक किशनचंद (35) जॉब से घर लौट रहा था। आज परिजनों की मौजूदगी न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल की मोर्च्यूरी में शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। किशन चंद के जंवाई रामहेत ने बताया किशन शिवपुरा इलाके में परिवार सहित किराए के मकान में रहता था। एरोड्राम इलाके में इलेक्ट्रिक कॉन्टैक्टर के यहां कम्प्यूटर का जॉब करता था। रोज की तरह शुक्रवार रात को जॉब खत्म करके घर लौट रहा था। रात 8 बजे करीब गोदावारी धाम वाले रोड़ से शिवपुरा की तरफ आ रहा था। घर पहुंचने से 300 मीटर पहले सरकारी स्कूल के पास अज्ञात बाइक सवार ने सामने से टक्कर मार दी। किशन के घर नहीं पहुंचने पर पत्नी ने कॉल किया तो एक्सीडेंट का पता लगा। राहगीरों ने किशन को हॉस्पिटल पहुंचाया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। किशन के 14 साल का बेटा है। दादाबाड़ी थाना ASI वहीद अहमद ने बताया कि मृतक के जंवाई ने शिकायत दी है। जिसमें बाइक सवार द्वारा टक्कर मारना बताया है। परिजनों की शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी।