कोटा में खेत के बिजली कनेक्शन को लेकर दो सगे भाइयों के बीच झगड़ा हो गया। बंटवारे के बाद छोटे भाई की ओर से खेत का बिजली कनेक्शन अलग करवाने की प्रक्रिया चल रही थी। इस बात को लेकर बड़े भाई और उसके परिवार के साथ कहासुनी हो गई थी। मामला इतना बढ़ गया कि बड़े भाई और उसके बेटों ने छोटे भाई पर हमला कर दिया। मामला नान्ता थाना क्षेत्र का है। घटना की सूचना पर नान्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कुल्हाड़ी और सरिए से किया वार घायल रामचरण मीणा ने बताया कि पहले खेत का बिजली कनेक्शन बड़े भाई के नाम था। जमीन के बंटवारे के बाद वह अपने हिस्से का कनेक्शन अलग करवा रहा था। इस बात से नाराज होकर बड़े भाई और उसके बेटों ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि कुल्हाड़ी और सरिए से वार कर उसके सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई गई, वहीं हाथ भी फैक्चर कर दिया गया।