कोटा में दिनदहाड़े कार चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाश ने इलाके में रैकी की। फिर चाबी से गाड़ी का लॉक खोलकर 20 सेकंड में चोरी कर ले गया। घटना कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के रिद्धि सिद्धि नगर की शुक्रवार सुबह 6 बजे के आसपास की है। पीड़ित ने चोरी की शिकायत थाने में दी है। चोरी का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि 8 दिन पहले ही घर की एक महिला का पर्स चोरी हुआ था। उसमें कार की एक चाबी और 3 मोबाइल फोन थे। वही चोर गाड़ी भी चुरा ले गया होगा। सीसीटीवी में दिखा घटनाक्रम… पीड़ित लोकेश अग्रवाल ने बताया- 2023 मॉडल की कार घर के बाहर खड़ी थी। शुक्रवार सुबह 6 बजे के आसपास एक बदमाश कॉलोनी में रैकी करता हुआ आया। उसके पास गाड़ी की दूसरी चाबी थी। वो चाबी को ऑन करते करते रैकी कर रहा था। जैसे हमारे मकान के पास आकर उसने चाबी ऑन की। गाड़ी का लॉक खुल गया। चोर चंद सेकंड में कार लेकर फरार हो गया। पता लगने पर सीसीटीवी फुटेज देखे तो घटना का पता लगा। लोकेश ने बताया- 8 दिन पहले भाई की पत्नी शॉपिंग सेंटर इलाके में गई थी। वो मानसिक रूप से बीमार है। उसके पास में पर्स था। पर्स में कार की एक चाबी, 3 मोबाइल फोन सहित अन्य कीमती आइटम थे। जो उसके हाथ से कोई बदमाश छीनकर फरार हो गया था। इसकी शिकायत गुमानपुरा थाने में देने गए। थाने वालों ने कुन्हाड़ी थाने में शिकायत देने को कहा था। फिर कुन्हाड़ी थाने में शिकायत दी थी। दो फोन में लॉक लगा हुआ था। तीसरे में लॉक नहीं था। सम्भवतया बदमाश ने मोबाइल फोन व दस्तावेज से घर की लोकेशन पता की। फिर रैकी करता हुआ घर तक पहुंचा। कॉलोनी में खड़ी गाड़ियों के इर्द गिर्द घूमकर चाबी ऑन करता रहा। ताकि कार का लॉक खुल जाए। शुक्रवार को बदमाश ने गली में घूमते हुए चाबी ऑन की। मेरी कार का लॉक खुल गया। बदमाश उसे लेकर फरार हो गया।