कोटा के डकनिया रेलवे स्टेशन के पास सोमवार देर रात एक 17 वर्षीय 10वीं क्लास के छात्र ने ट्रेन आगे कूद कर सुसाइड कर लिया। सूचना मिलने पर जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमबीएस अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवाया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मां से किसी काम से जाने की कहकर किशोर घर से बाहर निकला था। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवा परिजनों को शव सौंप दिया। फिलहाल सुसाइड करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। हत्या की जताई आशंका मृतक के मामा ने बताया कि सोमवार को दिन में अपनी मां से कुछ काम होने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। बाद में पुलिस से सूचना मिली कि डकनिया स्टेशन के पास उसका शव मिला है। मामा ने बताया कि हमें आशंका है कि किसी ने उसका मर्डर किया है। हमारी प्रशासन से यही मांग है कि इसकी निष्पक्ष जांच की जाए। वह सीधा-साधा था और दसवीं कक्षा में पढ़ता था। ट्रेन की चपेट में आने से किशोर की मौत जीआरपी डीएसपी शकील खान ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि एक किशोर की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का आ रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि घटना के समय जयपुर-मैसूर एक्सप्रेस कोटा से रवाना होकर डकनिया स्टेशन क्षेत्र से गुजर रही थी। इसके आगे पटरी पर यह आकर लेट गया। फिलहाल जीआरपी ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आ सके।