कोटा में हाईवे पर खड़े ट्रक से डीजल चोरी करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इस मामले में ट्रक ड्राइवर ने मामला दर्ज कराया था। कोटा ग्रामीण के कैथून थाना पुलिस के अनुसार- हरियाणा निवासी ट्रक ड्राइवर गुरमेल सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि वह कंटेनर लेकर नागपुर जा रहा था। रास्ते में बालापुरा टोल के पास सर्विस रोड पर ट्रक खड़ाकर सो गया। इसी दौरान बदमाश उसके कंटेनर से डीजल चोरी कर ले गए। एक राहगीर ने ड्राइवर को जगाकर वारदात की जानकारी दी। रिपोर्ट के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से गिरोह का पता लगाया। इस पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें मनीष उर्फ चिंटू, बंटी और ललित शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से घटना में उपयोग ली मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार और तीन ड्रम भी जब्त किए। आरोपियों से पूछताछ में अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना है। चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार कोटा ग्रामीण के कैथून थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्कर को भी गिरफ्तार किया। कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया- कैथून थाना पुलिस ने मोहम्मद वसीम (24) निवासी बनास्यापाड़ा कैथून को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 63 ग्राम चरस बरामद की गई। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच कर रही है। कैथून थाना प्रभारी मनोज सिकरवार के नेतृत्व में गठित टीम ने इन दोनों कार्रवाइयों को अंजाम दिया।