दीपावली का त्यौहार नजदीक आते ही कोटा में पटाखों की बिक्री शुरू हो गई है। शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों लाडपुरा बाजार,गुमानपुरा समेत अलग-अलग इलाकों में पटाखों की दुकानें सज चुकी हैं। बाजार में फूडी और रोजमर्रा के खान-पान की वस्तुओं पर आधारित थीम वाले पटाखे देखने को मिल रहे है। पिज्जा के आकार में, अनार की जगमग होने वाले समर फ्रूट तरबूज और कुल्फी की शेप में और फैंसी बोटल लुक वाले पटाखों की खूब ब्रिकी हो रही है। कोटा के प्रमुख पटाखा व्यापारी संजय जोतवानी ने बताया कि यूं तो हर साल दीवाली पर नया स्टॉक लाया जाता है, लेकिन इस बार का कलेक्शन बेहद खास, अनूठा और नए अनुभव देने वाला है। हाथ में पिज्जा स्लाइस, जमीन पर ओरियो चक्कर इस बार की आतिशबाजी में ऐसे अनोखे डिजाइन और वैरायटी पेश की गई है, जिन्हें देखकर हर कोई हैरान है। बाजार में छाई 'फूडी' पटाखों की मुख्य वैरायटियों में पिज्जा स्लाइस अनार है। पिज्जा के आकार में बने इस पटाखे को हाथ में लेकर जलाया जा सकता है, जिससे अनार की तरह खूबसूरत रोशनी छिटकती है। ओरियो चक्कर, लोकप्रिय ओरियो बिस्कुट की शेप में तैयार यह पटाखा जमीन पर चकरी की तरह घूमते हुए रंग-बिरंगी रोशनी बिखेरता है। समर फ्रूट तरबूज और कुल्फी की शक्ल में बने ये पटाखे जलने पर अनार की तरह जगमगा उठते हैं। वहीं पारंपरिक अनार की जगह इस बार फैंसी बोटल लुक में अनार उपलब्ध कराए गए हैं। इनकी कीमत दो सौ रूपए से शुरू है। 20 से 25 फीसदी तक बढ़ीं कीमतें दीवाली की खुशियों के बीच इस बार ग्राहकों की जेब पर थोड़ा अतिरिक्त बोझ पड़ने वाला है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे युद्ध और कच्चे माल की बढ़ती दरों के कारण आतिशबाजी की कीमतों में 20 से 25 प्रतिशत तक का उछाल आया है। व्यापारियों का कहना है कि बारूद, कच्चे माल और ट्रांसपोर्टेशन लागत में इजाफे के कारण यह बढोतरी हुई है। जो पटाखा या बॉक्स पिछले साल लगभग 500 में मिलता था, उसकी कीमत इस बार बढ़कर 600 तक पहुंच गई है। हालांकि, बाजार में आम खरीदारों और बच्चों के लिए 5 से भी पटाखों की शुरुआती वैरायटी उपलब्ध कराई गई है।