कोटा में फॉल्ट ठीक करते समय बिजली कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। कोटा के किशनपुरा तकिया निवासी विनोद कुमार 1 महीने पहले ही निजी बिजली कंपनी में टेक्नीशियन लाइनमैन के पद पर लगा था। विनोद कुमार की एमबीएस हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना बोरखेड़ा थाना क्षेत्र के बजरंग नगर पुलिस चौकी के पास सोमवार रात करीब 11:30 की है। सोमवार को लाइनमैन विनोद कुमार की नाइट ड्यूटी लगाई गई थी। बजरंग नगर इलाके में लाइट जाने के बाद वह बिजली के खंभे पर चढ़ा था, इस दौरान अचानक करंट की चपेट में आ गया और खंभे से नीचे गिर गया। अस्पताल में इलाज के दौरान लाइनमैन ने तोड़ा दम लाइनमैन विनोद कुमार करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में मौके पर साथी कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। लेकिन आज (मंगलवार) सुबह विनोद ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना के बाद परिजन में अस्पताल पहुंच गए। उचित मुआवजा और सरकारी सहायता देने की मांग कर्मचारी सत्यनारायण ने बताया कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता देने की भी मांग उठाई है। इधर, सूचना मिलने पर बोरखेड़ा थाना पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस ने शव का पोस्टमॉटम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि कर्मचारी को करंट किन परिस्थितियों में लगा और क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।