कोटा शहर के महावीर नगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। महावीर नगर थर्ड इलाके में एक बदमाश बेखौफ अंदाज में स्कूटी से कॉलोनी में पहुंचा और घर के अंदर पूरा परिवार मौजूद होने के बावजूद चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। हालांकि, परिवार के जाग जाने पर आरोपी जल्दबाजी में मौके से भाग निकला। पूरी घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पीड़ित कल्याण मल प्रजापति ने बताया कि 28 जून को उनका बेटा, बहू और बच्चे सोमनाथ से लौटे थे। यात्रा की थकान के कारण दोपहर करीब तीन बजे सभी लोग घर में आराम कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक स्कूटी से कॉलोनी में आया। पहले उसने स्कूटी को घर के पास खड़ा किया और डिग्गी से कुछ सामान निकालने के बाद मुख्य दरवाजा खोलकर घर में प्रवेश कर गया। बदमाश ने पहले नीचे के हिस्से में तलाश की, लेकिन कुछ नहीं मिलने पर वह पहली मंजिल पर पहुंच गया। उस समय कल्याण मल प्रजापति और उनकी पत्नी कमरे में सो रहे थे, जबकि बेटे-बहू का सामान भी वहीं रखा था। आरोपी ने अलमारी में रखा पर्स चुरा लिया, जिसमें करीब पांच से सात हजार रुपये नकद थे। इसके बाद उसने फ्रिज खोलने की कोशिश की, तभी प्रजापति की पत्नी की नींद खुल गई। उन्होंने पूछा, "कौन है?" तो युवक ने जवाब दिया, “आंटी, मैं हूं।” महिला के शोर मचाते ही परिवार के अन्य सदस्य भी कमरों से बाहर आ गए। खुद को घिरता देख आरोपी तुरंत घर से निकलकर स्कूटी से फरार हो गया। घटना के बाद परिवार ने सीसीटीवी फुटेज के साथ महावीर नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। महावीर नगर थाना अधिकारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद पुलिस ने फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब डेढ़ से दो घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच के बाद उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।