कोटा की भामाशाह मंडी में गेहूं बेचने आए किसान की हार्टअटैक से मौत हो गई। किसान के गेहूं की कम कीमत लगी थी, जिससे वे तनाव में थे। बारिश-ओलावृष्टि से फसल को नुकसान पहुंचा था। जानकारी के मुताबिक, गांव झाड़आमली निवासी किसान हंसराज वैष्णव (54) किराए से जमीन लेकर खेती करते थे। हंसराज बुधवार सुबह 11 बजे मंडी के यार्ड में फसल बेचने के लिए खड़े थे। इस दौरान नीलामी में गेहूं की कम कीमत लगी।। जिससे वह तनाव में आ गए और अचेत होकर गिर गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस बार 10 बीघा जमीन पर की थी गेहूं की फसल प्रवीण ने बताया- मामा हंसराज की 4 बीघा जमीन है। वे किराए (लीज) से जमीन लेकर खेती करते थे। इस बार 10 बीघा जमीन किराए से लेकर गेहूं की फसल की थी। हाल ही में हुई बारिश-ओलावृष्टि से गेहूं की फसल खराब हो गई थी। बुधवार अल सुबह 4 बजे मामा पिकअप लेकर गेहूं बेचने मंडी के लिए रवाना हुए थे। प्रवीण ने बताया- मंडी में मामा को गेहूं की कीमत कम बताई। ऐसे में मामा की तनाव के कारण हार्टअटैक से मौत होने की आशंका है। प्रवीण ने कहा- मामा को कोई बीमारी नहीं थी। पिछले साल सोयाबीन की फसल खराब हुई थी प्रवीण ने बताया- मामा हंसराज की पिछले साल सोयाबीन की फसल खराब हो गई थी। उनके ऊपर करीब 8 लाख रुपए का कर्ज था। फसल खराबे से वे काफी परेशान थे। बेटे अजय ने बताया- दोपहर 12 बजे पिता की मौत की सूचना मिली। पिता कर्ज लेकर खेती करते थे। उधार दिए रुपए कई लोग मांगते थे।