कोटा में इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद महिला से दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ। आरोपियों ने महिला के विरोध करने पर उस पर हमला भी किया। इससे महिला को चोट आई। बाद में पुलिस ने मामले में महिला के दोस्त को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। वहीं एक नाबालिग को निरुद्ध किया है। डीएसपी डॉ. पूनम चौहान ने बताया- बूंदी निवासी महिला (34) की करीब डेढ़ महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए कोटा निवासी मुकुल उर्फ धर्मेश (30) से दोस्ती हुई थी। दोनों पहले भी मिल चुके थे। दोनों की 28 अप्रैल को मुलाकात तय हुई थी। मुकुल ने महिला से कहा कि उसके पास जगह नहीं है, इसलिए वह उसके दोस्त के कमरे पर आ जाए। पुलिस के अनुसार- मुकुल ने अपने दोस्त विनोद (22) को महिला को लेने नयापुरा बस स्टैंड भेजा। महिला बूंदी से बस में कोटा पहुंची, जहां विनोद और एक नाबालिग दोस्त उसे लेकर किराए के कमरे पर पहुंचे। इसके बाद कमरे पर तीनों ने शराब पी। बाद में विनोद और नाबालिग ने महिला के साथ जबरदस्ती की। महिला ने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। इसी दौरान नाबालिग युवक ने शराब की बोतल से महिला की गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उसे चोट आई और खून बहने लगा। बाद में दोनों आरोपी महिला को नयापुरा बस स्टैंड छोड़ने के लिए निकले। रास्ते में चंबल पुलिया के पास दोबारा विवाद हुआ। महिला के शोर मचाने पर वहां से गुजर रहे लोगों ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। बाइक छोड़कर फरार हुए बदमाश सूचना पर नयापुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गए। घायल महिला को तुरंत एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज किया गया। डीएसपी ने बताया- शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने टीम गठित कर जांच शुरू की। साक्ष्य जुटाने के बाद नाबालिग को निरुद्ध किया है। उसका मोबाइल भी जब्त किया है। महिला के दोस्त मुकुल उर्फ धर्मेश को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं तीसरे आरोपी विनोद की तलाश में पुलिस टीम रवाना की गई है।