कोटा रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने अफीम का डोडा चूरा परिवहन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए मादक पदार्थ का कुल वजन 22 किलो 655 ग्राम है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 लाख 39 हजार 825 रुपए आंकी गई है। कोटा जीआरपी डीएसपी शकील खान ने बताया कि सीआई गुलजारी लाल के नेतृत्व में टीम रेलवे स्टेशन पर चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 1 के पास फुट ओवरब्रिज के नीचे दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया। 9 किलो 299 ग्राम अफीम का डोडा चूरा बरामद तलाशी लेने पर अमित कुमार उर्फ मीत (33) के बैग से 12 किलो 356 ग्राम डोडा चूरा और परमजीत सिंह के बैग से 9 किलो 299 ग्राम अफीम का डोडा चूरा बरामद हुआ। दोनों के पास कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं मिला। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ को जप्त कर दोनों पर एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी शकील ने बताया कि फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह मादक पदार्थ कहां से लाया गया और कहां सप्लाई किया जाना था। मामले की जांच जीआरपी उदयपुर सीआई गोरधन सिंह भाटी को सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि तस्कर अमित कुमार उर्फ मीत (33) निवासी खारा, पुलिस थाना जामसर, जिला बीकानेर का रहने वाला है वही परमजीत सिंह (22) निवासी अर्जुनसर, पुलिस थाना महाजन, जिला बीकानेर के रहने वाले है।