कोटा में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है और तापमान नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रहा है। जहां शनिवार को इस सीजन का अब तक का सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे पूरे दिन लू के थपेड़े चलते रहे और आमजन बेहाल नजर आए। वहीं रविवार को सुबह आठ बजे ही स्काईमेट के अनुसार कोटा का तापमान 30 डिग्री पार हो गया। सुबह से ही तेज धूप ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए। हालात ऐसे हो रहे हैं कि सुबह के समय ही दोपहर जैसी गर्मी महसूस होने लगी। गर्मी का असर अब केवल दिन तक सीमित नहीं है। रात के तापमान में भी खास राहत नहीं मिल रही, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। हालात ऐसे हैं कि रात में भी कूलर और एसी के बिना आराम मिलना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले चार दिनों से शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री से ऊपर बना हुआ था, जो शनिवार को बढ़कर 42.2 डिग्री तक पहुंच गया। पिछले एक दशक में अप्रैल महीने में कोटा का अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री के बीच रहा है। साल 2020, 2023 और 2024 में भी तापमान 42 डिग्री से ऊपर गया था, जबकि 2025 में यह 45.3 डिग्री तक पहुंच गया था। इधर बढ़ते तापमान और हीट स्ट्रोक की आंशकाओं को देखते हुए चिकित्सा विभाग अलर्ट मोड पर है। सीएचसी- पीएचसी में विभाग के अधिकारी तापघात के उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। साथ ही तैनात एंबुलेंस का निरीक्षण भी कर रहे हैं। हीट वेव को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में सीएमएचओ डॉ. नरेंद्र नागर ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग हीट वेव (लू) को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड में है। अस्पतालों में लू से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए ओआरएस, आईवी फ्लूड, आवश्यक दवाइयों, बेड तथा अन्य संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि गर्मी के समय दोपहर में अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं, हल्के व ढीले कपड़े पहनें तथा लू से बचाव के उपाय अपनाएं। नरेन्द्र नागर ने बताया कि अस्पतालों में व्यवस्थाओं को लेकर निरीक्षण भी किए जा रहे हैं ताकि किसी तरह की कोई कमी इलाज में ना रहे।