कोटा के घर में पानी के टेंक में 11 सांप दिखाई दिए। सांप को देख कर परिवार के लोग दहशत में आ गए। परिजनों ने इसकी सूचना निगम के रेस्क्युर रॉकी डेनियल को दी। रॉकी ने मौके पर पहुंचकर 20 मिनट की मशक्कत के बाद पानी के टैंक से एक-एक फीट लंबे 11 सांपों को बाहर निकाला। तब जाकर घर के लोगों ने राहत की सांस ली। घटना आंवली इलाके की सुबह साढ़े 11 बजे की है। रॉकी ने बताया- घर के एक कमरें में 8 फीट गहरा पानी का टेंक है। काफी समय से टेंक की सफाई नहीं हुई थी। घर के लोग सुबह टेंक को साफ कर रहे थे। अचानक से उनको टेंक के पानी में हलचल दिखाई दी। उन्होंने टॉर्च जलाकर देखा तो पानी में बहुत सारे सांप तैरते हुए दिखे। सूचना पर सहयोगी जितेंद्र कोली के साथ मौके पर गया। रॉकी ने बताया- 8 फीट गहरे टेंक में उतरकर एक एक कर करीब 11 सांपों को बाहर निकाला। सभी एक एक फीट लम्बे थे। सांपों को रेस्क्यू कर सुरक्षित चंबल नदी में छोड़ा। यह सांप चेकर्ड कीलबैक (पानी के सांप) प्रजाति के थे। जो विषैला नहीं होता है। मकान मालिक ने बताया कि दो तीन दिन पहले सीढ़ियों पर एक सांप को देखा था। सम्भवतया ये उसी सांप के बच्चे है। जो पानी के टेंक में गिर गए।