कोटा सेंट्रल जेल में बंद एक कैदी की मौत हो गई। जेल के अंदर कैदी राजेश (47) की गुरुवार दोपहर को तबीयत अचानक बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां देर रात कैदी ने दम तोड़ दिया। मेडिकल बोर्ड से शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। राजेश कोटा के महावीर नगर विस्तार योजना का रहने वाला था। राजेश चेक बाउंस के मामले में न्यायिक अभिरक्षा के तहत सेंट्रल जेल में बंद था। तबीयत खराब होने पर एडमिट कराया, मौत जानकारी के अनुसार- जेल के अंदर कैदी राजेश की तबीयत अचानक बिगड़ गई। जेल प्रशासन ने तुरंत राजेश को कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज शुरू किया गया। देर रात राजेश की हालत और गंभीर हो गई। वहीं इलाज के दौरान राजेश की मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शुक्रवार सुबह परिजनों की मौजूदगी, जेल प्रशासन और नयापुरा थाना पुलिस की निगरानी में मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम की सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जेल प्रशासन ने कहा- पहले से था अस्वस्थ सेंट्रल जेल के एसआई भंवर हाड़ा ने बताया- राजेश पहले से अस्वस्थ चल रहा था। तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ने पर राजेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। फिलहाल मौत के कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस और जेल प्रशासन नियमानुसार मामले की कार्रवाई में जुटे हैं। वहीं परिजनों को शव सौंपने के बाद अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।