कोटा में घोड़े वाले बाबा सर्किल के पास रविवार रात बाइक सवार चार बदमाशों ने स्कूटी सवार युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बदमाश कैथूनीपोल से ही युवक का पीछा कर रहे थे। चौराहे के पास पहुंचते ही उन्होंने स्कूटी चलाते समय युवक पर चाकू से वार कर दिया। पैर में चाकू लगने से युवक स्कूटी समेत सड़क पर गिर गया, लेकिन हमलावरों ने इसके बाद भी उस पर चाकू से कई वार किए। घटना रात साढ़े 9 बजे की है। पुलिसकर्मियों ने दौड़कर बचाई जान घटना के समय मौके पर ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक हेड कॉन्स्टेबल राकेश मीणा और राजाराम ने बदमाशों को युवक पर हमला करते देखा तो तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़े। पुलिसकर्मियों को अपनी ओर आता देख तीन बदमाश मौके से भाग गए, जबकि दोनों हेड कॉन्स्टेबलों ने एक आरोपी आशु को पकड़ लिया। आरोपी के हाथ में चाकू था और उसने पुलिसकर्मियों को डराने के लिए चाकू लहराने की कोशिश भी की, लेकिन दोनों ने उसे दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से दो चाकू बरामद किए गए। घटना की सूचना मिलने के बाद किशोरपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया। काम खत्म कर गुमानपुरा जा रहा था युवक कैथूनीपोल निवासी रंजीत सोलंकी शराब का ठेका चलाता है। रविवार रात काम खत्म करने के बाद वह स्कूटी से गुमानपुरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान चार बदमाश बाइक से उसका पीछा करने लगे। बदमाशों को पीछे आते देख रंजीत ने स्कूटी तेज भगाई, लेकिन घोड़े वाले बाबा चौराहे से पहले बदमाशों ने उसके पास पहुंचकर चाकू से हमला कर दिया। एक चाकू पैर में लगने के बाद रंजीत स्कूटी समेत गिर गया। इसके बाद भी हमलावरों ने उस पर चाकू से वार करना जारी रखा। हमले में उसके शरीर पर चार से अधिक चाकू के घाव बताए जा रहे हैं। घायल रंजीत को ऑटो की मदद से एमबीएस अस्पताल पहुंचाया गया। पुरानी रंजिश में हमले की आशंका हेड कॉन्स्टेबल राकेश मीणा ने बताया कि उनकी ड्यूटी रात 11 बजे तक घोड़े वाले बाबा चौराहे पर थी। इसी दौरान उन्होंने देखा कि तीन-चार बदमाश एक स्कूटी सवार युवक पर चाकू से हमला कर रहे हैं। वे तुरंत मौके पर पहुंचे, जिसके बाद कुछ बदमाश भाग गए और एक आरोपी को पकड़ लिया गया। गुमानपुरा थाना अधिकारी एसके सिंह के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश बताई जा रही है और इसी के चलते हमला किया गया। पुलिस ने मौके से दो चाकू बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपी आशु को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके फरार साथियों की तलाश जारी है। परिजनों की ओर से रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। --- ये खबर भी पढ़ें… कोटा में युवक के पैरों-पीठ पर चाकू घोंपे:काम से लौटते समय बदमाशों ने किया हमला, आरोपियों पर पत्थर फेंककर खुद को बचाया कोटा में कैथूनीपोल थाना क्षेत्र के श्रीपुरा कोलीपाड़ा इलाके में 4 बदमाशों ने युवक पर पीछे से हमला कर दिया। बदमाशों ने युवक के दोनों पैरों और पीठ पर कई बार चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे MBS अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। (पूरी खबर पढ़ें)