कोटा जिले की 2 कृषि उपज मंडी में 12 करोड़ के काम होंगे। भामाशाह कृषि उपज मंडी और गौण मंडी प्रांगण सुल्तानपुर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए कुल 12.30 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अनुशंसा पर मंडी समिति द्वारा भेजे गए प्रस्तावों को निदेशालय, जयपुर से मंजूरी मिल गई है। इससे मंडी क्षेत्र में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होगा और किसानों, व्यापारियों तथा पल्लेदारों को राहत मिलेगी। भामाशाह मंडी प्रांगण में विभिन्न निर्माण और मरम्मत कार्यों के लिए अलग-अलग मदों में राशि स्वीकृत की गई है। इसके तहत नए सुलभ कॉम्पलेक्स निर्माण के लिए 70.48 लाख रूपए, भामाशाह सर्किल और पार्क की मरम्मत के लिए 57.32 लाख रूपए, पूर्व निर्मित तीन सुलभ कॉम्पलेक्स के जीर्णोद्धार के लिए 42.60 लाख रूपए स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा दुकानों के पास स्थित शेड नंबर 1 और 2 में सीमेंट-कंक्रीट, इंटरलॉकिंग, फर्श और रैंप निर्माण के लिए 74.99 लाख रूपए, यार्ड नंबर 1 और 2 की चारदीवारी, कार्यालय द्वार, मुख्य सड़क के डिवाइडर और टॉयलेट ब्लॉक्स की मरम्मत के लिए 74.98 लाख रूपए मंजूर किए गए हैं। दुकान संख्या C-246 के पास डिवाइडर और नाले की मरम्मत के लिए 56.79 लाख रूपए और मंडी की बैंक बिल्डिंग के जीर्णोद्धार के लिए 73.06 लाख रूपए स्वीकृत हुए हैं। सुल्तानपुर में बनेगा कवर्ड ऑक्शन प्लेटफॉर्म सुल्तानपुर कृषि मंडी में भी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई कार्य स्वीकृत किए गए हैं। यहां 100×350 फीट के कवर्ड ऑक्शन प्लेटफॉर्म निर्माण के लिए 6.84 करोड़ रूपए, आरओ प्लांट के लिए 16 लाख रूपए और 30×40 फीट के नए सुलभ कॉम्पलेक्स निर्माण के लिए 30.24 लाख रूपए स्वीकृत हुए हैं। इसके साथ ही आरसीसी बाउंड्री वॉल और ड्रेनेज कार्य के लिए 49.41 लाख रूपए की राशि भी मंजूर की गई है, जिससे मंडी परिसर में व्यवस्था और स्वच्छता बेहतर होगी।