हाड़ौती के सबसे बड़े महाराव भीमसिंह (एमबीएस) अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता एक मामला सामने आया है। अस्पताल के पुराने भवन परिसर में, जहां हर वक्त मरीजों और उनके परिजनों की आवाजाही लगी रहती है, वहां एक युवक बेखौफ होकर स्कूटी दौड़ाता हुआ कॉरिडोर तक पहुंच गया। इस घटना ने हॉस्पिटल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक स्कूटी चालक पुराने भवन के मुख्य कॉरिडोर से होते हुए न्यूरो, कैंसर और आई (नेत्र) वार्ड जाने वाले संकरे मार्ग तक गाड़ी दौड़ाते हुए ले गया। जिस वक्त यह घटना हुई, उस वक्त मार्ग पर व्हीलचेयर और स्ट्रक्चर पर कई मरीज मौजूद थे। मरीजों के बीच से कॉरिडोर में पहुंच गया युवक स्कूटी को अचानक अपने बीच से गुजरते देख मरीज और उनके तीमारदार हक्के-बक्के रह गए और खुद को बचाने के लिए किनारे होते दिखे। हैरानी की बात यह रही कि परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मी इस पूरी घटना के दौरान लगभग लाचार नजर आए। मौके पर मौजूद गार्ड ने चालक को रोका जरूर, लेकिन बिना किसी ठोस कार्रवाई या चालान के उसे महज बाहर जाने की चेतावनी देकर छोड़ दिया। सुरक्षा गार्डों की इस ढिलाई के कारण अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। सुरक्षाकर्मियों को सख्त निर्देश अस्पताल अधीक्षक डॉ.राकेश के अनुसार उनकी जानकारी में ये मामला सामने आया है। ओपीडी के समय अस्पताल के पीछे वाले कैंसर वार्ड की तरफ का गेट खोला जाता है, संभवतः वाहन चालक उसी रास्ते से अनजाने या मनमानी करते हुए अंदर दाखिल हो गया। सभी सुरक्षाकर्मियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि ओपीडी समय में गेट पर पैनी नजर रखें और किसी भी निजी वाहन को अस्पताल के आंतरिक कॉरिडोर में प्रवेश न करने दें। बतादें, घटना शुक्रवार शाम की है। इस मामले का वीडियो अब सामने आया है। --- ये खबर भी पढ़ें… एमबीएस हॉस्पिटल में ईसीजी टेक्नीशियनों ने रखा काम बंद:मारपीट करने वालों पर कार्रवाई की मांग; अधीक्षक बोले- सिक्योरिटी को बढ़ाया जाएगा कोटा के एमबीएस हॉस्पिटल में सोमवार देर रात ईसीजी टेक्नीशियन के साथ मारपीट के बाद आज आक्रोश देखने को मिला। घटना के विरोध में ईसीजी टेक्नीशियन ने दो घंटे सांकेतिक रूप से अपने डिपार्टमेंट में काम बंद रखा।इसके बाद हॉस्पिटल अधीक्षक से मुलाकात कर कर्मचारियों की सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त करने की मांग की। (पूरी खबर पढ़ें)