कोटा पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की 10 बाइक, 3 ऑटो और 2 कार बरामद की हैं। आरोपी की पहचान गोलू उर्फ रफ्तार (21) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बारां जिले के कवाई थाना क्षेत्र का निवासी है। वर्तमान में वह कोटा के मुकुंदरा विहार रोझड़ी इलाके में रह रहा था। आरोपी ने 18 अप्रैल को आरकेपुरम थाना इलाके के स्वामी विवेकानंद नगर क्षेत्र के एक मकान से बाइक चोरी की थी। सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि आरोपी सुनसान इलाकों में खड़े वाहनों की पहले रैकी करता था और फिर मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। इस काम में वह एक नाबालिग को भी साथ रखता था। चोरी के बाद आरोपी वाहनों को जंगल या सुनसान स्थानों पर छिपा देता था। इसके लिए वह ऑटो का उपयोग करता था। कई मामलों में आरोपी चोरी किए गए वाहनों के पार्ट्स खोलकर बेच देता था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने 18 अप्रैल को आरकेपुरम थाना क्षेत्र के स्वामी विवेकानंद नगर स्थित एक मकान के बाहर खड़ी बाइक चोरी की थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध की पहचान की। आरकेपुरम थाना प्रभारी सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने बताया कि 24 अप्रैल को एलजा बिल्डिंग के पास से आरोपी गोलू को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने कोटा, बूंदी, बारां और कोटा ग्रामीण क्षेत्र से बाइक, ऑटो और कार चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर 28 अप्रैल तक रिमांड पर लिया है। गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की संभावना है।