कोटा जिले में 5 से 6 बदमाशों ने सुनार की दुकान और दो मकानों में लाखों की चोरी कर ली। बदमाश दुकान और मकानों के ताले तोड़कर नकदी व जेवरात चोरी कर फरार हो गए। यह वारदात नांता थाना क्षेत्र के नांता गांव में सोमवार रात करीब डेढ़ बजे हुई। ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। इसमें लोहे के सरियों से दुकान का शटर तोड़ते हुए बदमाश दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित दुकानदार विष्णु कुमार सैनी ने बताया- 6 से 7 बदमाश देर रात मेरी सुनार की दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद रिपेयरिंग के लिए रखे 10 से 15 हजार रुपए के चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। बदमाशों ने दुकान में रखी बड़ी अलमारी तोड़ने की भी कोशिश की, लेकिन उसे खोल नहीं सके। दुकान के पीछे स्थित एक खाली मकान का ताला तोड़कर भी बदमाशों ने तलाशी ली, लेकिन वहां कुछ हाथ नहीं लगा। ज्वेलरी शॉप में चोरी की देखें PHOTOS मकान से 3-4 बक्से उठाकर खेत में ले गए, नकदी-जेवर चोरी पुलिस ने बताया- बाद में गांव में ठाकुर जी के मंदिर के पास स्थित प्रवीण सैनी के मकान में बदमाश पहुंचे। घर में सो रही बुजुर्ग महिला के कमरे की बाहर से कुंडी लगाकर चोरों ने पूरे मकान की तलाशी ली। तीन से चार बक्से उठाकर खेत में ले गए। बक्सों में रखी नकदी और चांदी के जेवर चोरी कर लिए। सुबह खाली बक्से पास के खेत में पड़े मिले। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस कर रही तलाश नांता थानाधिकारी महावीर मीणा ने बताया- अलग-अलग सीसीटीवी फुटेज में 4 और 6 बदमाश नजर आए। सभी ने अपने चेहरे ढंके हुए थे। गांव में तीन जगह चोरी की गई है। एक मकान से करीब 50 हजार नकद और चांदी के जेवर चोरी हुए हैं। वहीं ज्वेलरी की दुकान से रिपेयरिंग का पुराना माल चोरी किया गया। इसके अलावा एक मकान में उन्हें कुछ नहीं मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बदमाश बाहरी गैंग के होने की संभावना जताई जा रही है।