कोटा में एक कोचिंग स्टूडेंट ने सुसाइड कर लिया। बोरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित कोरल पार्क कोचिंग एरिया में घटना शुक्रवार शाम 7 बजे हुई। गोयल रेजिडेंसी हॉस्टल में रह रहे नीट के स्टूडेंट ने फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान अलवीन कुमार (21) निवासी झारखंड के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार- अलवीन एक साल से कोटा में रहकर निजी कोचिंग सेंटर से नीट की तैयारी कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही बोरखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एमबीएस अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में शिफ्ट करवाया। स्टूडेंट के कमरे को किया सील पुलिस ने छात्र के कमरे को सील कर दिया है। वहीं मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर यह आत्महत्या का मामला माना जा रहा है। हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। बोरखेड़ा थाने के एएसआई करतार सिंह ने बताया- मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के कोटा पहुंचने के बाद शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद शव उन्हें सौंप दिया जाएगा।